उत्तर भारत में कोहरे से यातायात प्रभावित, 50 रेलगाड़ियां रद्द (राउंडअप)

दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में शनिवार सुबह घना कोहरा जारी रहा। कोहरे की वजह से रेलगाड़ियां और उड़ानें प्रभावित रही। कोहरे की वजह से कम से कम 45 उड़ानें और 120 रेलगाड़ियों का आवागमन प्रभावित हुआ। करीब 50 रेलगाड़ियों रद्द कर दिया गया।

भारतीय मौसम विभाग के एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा कि शनिवार सुबह सामान्य दृश्यता सीमा शून्य के करीब पहुंच गई थी। उन्होंने कहा कि सुबह नौ बजे दृश्यता सीमा 100 मीटर से कम रिकार्ड की गई।

इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कोहरे की वजह से उड़ाने प्रभावित हुई, जिससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। 31 घरेलू उड़ाने कोहरे की वजह से प्रभावित हुई।

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि दिल्ली में जनवरी के अंत तक कोहरे के बने रहने की संभावना है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने कहा कि पिछले दो हफ्तों से जारी कोहरे के एक सप्ताह तक और जारी रहने की संभावना है।

शनिवार को न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में अधिकतम तापमान के 21 डिग्री सेल्सियस होने का अनुमान है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस था जो औसत से दो डिग्री सेल्सियस ऊपर था।

उत्तर प्रदेश शनिवार को घने कोहरे की चादर में लिपटा रहा। भीषण घने कोहरे की वजह से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है और रेल व हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। दृश्यता इतनी कम थी कि सड़कों पर गाड़ियां रेंगती रहीं।

पिछले 24 घंटों के दौरान राजधानी लखनऊ में राज्य का सबसे कम 3.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। यही हाल दूसरे शहरों का भी रहा। कानपुर में 3.9, इलाहाबाद में 4.3, वाराणसी में 5.3, शाहजहांपुर में 4.3, हमीरपुर में 4.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता ने शनिवार को आईएएनएस को बताया कि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखण्ड के पर्वतीय इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण बर्फबारी और बारिश हुई है। बर्फबारी के कारण वहां से आने वाली हवाएं मैदानी इलाकों में सर्दी ला रही हैं और बारिश के कारण हवाओं में नमी है, जिससे कोहरा छा रहा है।

गुप्ता ने कहा कि आने वाले दिनों में कोहरे और शीतलहर से राहत मिलती नहीं दिख रही है।

घने कोहरे ने रेलगाड़ियों की रफ्तार कम कर दी है। लखनऊ मेल, पद्मावत एक्सप्रेस, त्रिवेणी एक्सप्रेस, जनता एक्सप्रेस और गंगा गोमती एक्सप्रेस सहित राजधानी लखनऊ की तरफ आने वाली अन्य रेलगाड़ियां तीन से 15 घंटे की देरी से पहुंच रही हैं। कई रेलगाड़ियां रद्द की जा चुकी हैं।

इसके अलावा घने कोहरे ने उड़ानों पर भी असर डाला है। शनिवार सुबह नई दिल्ली से लखनऊ आने वाली किंगफिशर और इंडियन एयरलाइन्स की उड़ानें निर्धारित समय के दो घंटे बाद अभी तक नहीं पहुंची हैं। सुबह साढ़े सात बजे लखनऊ से नई दिल्ली जाने वाली जेट लाइट की उड़ान को घने कोहरे के मद्देनजर रद्द कर दिया गया है। मुंबई व अन्य शहरों से लखनऊ आने वाने वाली उड़ानें निर्धारित समय से दो से चार घंटे विलंब से पहुंच रही हैं।

चण्डीगढ़ में पिछले पांच दिनों से जारी कोहरे, धुंध और कड़ाके की सर्दी के बाद शनिवार को धूप खिलने से लोगों को राहत मिली।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "आज (शनिवार) सुबह कुछ घंटे कोहरा रहा लेकिन चण्डीगढ़ और आस-पास के शहरों में सात बजे सुबह तक कोहरा छंट गया और धूप खिल आई। धूप खिलने से दिन के तापमान में वृद्धि की उम्मीद है और रात का तापमान स्थाई बना रहेगा।"

बहरहाल पंजाब और हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में शनिवार को भी कोहरे से कोई राहत नहीं मिली।

इस क्षेत्र को सबसे सर्द शहर अमृतसर रहा। यहां का न्यूनतम तापमान शून्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जो कि औसत से पांच डिग्री कम है।

लुधियाना और पटियाला में तापमान क्रमश: 5.2 डिग्री और पांच डिग्री सेल्सियस रहा। चण्डीगढ़ में न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से एक डिग्री कम है।

हरियाणा में भी पारे में गिरावट देखी गई। अम्बाला में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। करनाल और हिसार में तापमान क्रमश: चार और 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बिहार में शनिवार को मौसम साफ रहा। लोगों ने हल्की धूप का आनंद अवश्य लिया परंतु सर्दी में कोई कमी नहीं हुई है।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को भी राज्य का सबसे सर्द क्षेत्र गया रहा। गया का न्यूनतम तापमान शुक्रवार की तुलना में 0.7 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इसके अलावा शनिवार को पटना का न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के अन्य क्षेत्रों में पूर्णिया का न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री सेल्सियस तथा भागलपुर का न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हिमाचल प्रदेश के हिमालय क्षेत्र के ऊपरी इलाकों में बादल छाए रहने की वजह से शनिवार को तापमान में मामूली वृद्धि दर्ज की गई। इन इलाकों में ताजा बर्फबारी भी हुई है।

मौसम विभाग के प्रवक्ता ने कहा, "लाहौल और स्पीति के साथ ही कुल्लू, किन्नौर, चांबा इलाकों में पिछले 24 घंटों में हिमपात की वजह से तापमान में वृद्धि दर्ज की गई।"

लाहौल और स्पीति जिले के केयलांग में न्यूनतम तापमान शून्य से 8.4 डिग्री सेल्सियस नीचे तथा किन्नौर जिले के कालपा में न्यूनतम तापमान शून्य से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। शुक्रवार को यहां का तापमान शून्य से 9.6 डिग्री सेल्सियस और शून्य से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था।

शिमला में रात के तापमान में गिरावट देखी गई। शनिवार को यहां का तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो शुक्रवार के तापमान से 1.2 डिग्री सेल्सियस नीचे था।

मंडी जिले के सुंदरगढ़ का तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कुल्लू जिले के भुंतर का तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस तथा धर्मशाला का तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+