राजस्थान में दुर्घटनाओं में 3 की मौत, 14 घायल
राजगढ़ के थाना प्रभारी बृजमोहन असवाल ने बताया, "राजगढ़ से करीब 15 किमी दूर डोकवा गांव के पास शनिवार सुबह 9 बजे एक कार (आरजे 18 सीए 1169) की सामने से आ रहे ट्रक (आरजे 07जीए 1442) के साथ टक्कर हो गई। कार में सवार सुल्तान कायमखानी निवासी बिसाऊ व उसकी पत्नी आसमीन (36),समीर (6), शाहिद (4) व पुत्री अलीशा (1) बुरी तरह जख्मी हो गए। सभी घायलों को राजगढ़ के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां आसमीन, समीर व शाहिद को मृत घोषित कर दिया गया।"
पुलिस के अनुसार एक अन्य सड़क हादसे में बहरोड़ के पास एक ट्रक ने आगे चल रही बस को टक्कर मार दी जिससे बस और ट्रक में बैठे करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए।
दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से घायलों को लोग बाहर निकाल पाते उससे पहले ही पीछे से आ रहे एक अन्य ट्रक ने अगले ट्रक को टक्कर मार दी। बस और उसके पीछे दुर्घटनाग्रस्त हुए दो ट्रकों के बाद दो अन्य ट्रक भी उनसे जा टकराए। इस हादसे के दस मिनट बाद एक टाटा सफारी जीप और एक कार भी क्षतिग्रस्त वाहनों से जा टकराई। बीस मिनट तक आपस में हुई इस टक्कर में चौदह लोग घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक इस राजमार्ग पर पिछले चार दिनों से घना कोहरा छाया हुआ है। वाहनों को भी संभल कर चलाने की हिदायत दी जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications