पीएलए के चार गिरफ्तार आतंकवादी मणिपुर ले जाए गए
उप पुलिस अधीक्षक (केंद्र) हरिमोहन दास ने आईएएनएस से कहा, "मणिपुर पुलिस का एक पांच-सदस्यीय दल आतंकवादियों को वापस ले जाने के लिए यहां आया है। आतंकवादियों से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी हमने मणिपुर के पुलिस अधिकारियों को दे दी है।"
पीएलए आतंकवादियों को पिछले सप्ताह अगरतला में गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के समय वे बांग्लादेश से त्रिपुरा में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे।
दास ने कहा, "पूछताछ के दौरान आतंकवादियों ने पुलिस को बताया कि वे पिछले साल नवंबर की शुरुआत में गुप्त रास्ते से बांग्लादेश के श्रीमंगल पहुंचे थे।"
त्रिपुरा पुलिस ने पिछले साल जुलाई में अगरतला से मणिपुर के पीपुल्स युनाइटेड लिबरेशन फ्रंट (पीयूएलएफ) के स्वयंभू कमांडर मोहम्मद अब्दुर रहमान सहित इसके सात सदस्यों को गिरफ्तार किया था।
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और खुफिया विभाग के अधिकारियों के मुताबिक बांग्लादेशी सुरक्षा बलों द्वारा उनके देश में पूर्वोत्तर के आतंकवादियों के ठिकानों को नष्ट करने की कवायद शुरू होने के बाद हजारों आतंकवादी वहां से भागकर या तो भारतीय अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण कर रहे हैं या पड़ोसी देशों में आश्रय के लिए सुरक्षित स्थान खोज रहे हैं।
पूर्वोत्तर के विभिन्न आतंकवादी संगठनों ने बांग्लादेश में करीब 100 शिविर स्थापित किए थे। इनमें से ज्यादातर शिविर त्रिपुरा, मिजोरम और मेघालय से लगे बांग्लादेश के सिलहट जिले और चटगांव हिल ट्रैक्ट्स (सीएचटी) में हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications