माओवादियों ने नेपाल बंद की घोषणा वापस ली
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक माओवादी प्रमुख पुष्प कमल दहल 'प्रचंड' ने शुक्रवार को उच्च-स्तरीय राजनीतिक तंत्र (एचएलपीएम) की बैठक के बाद एक वक्तव्य जारी कर बंद वापस ले लिया है।
एचएलपीएम का गठन आठ जनवरी को हुआ था। नेपाली कांग्रेस के अध्यक्ष गिरिजा प्रसाद कोइराला इसके नेतृत्वकर्ता हैं। यूनीफाइड सीपीएन (माओवादी) के अध्यक्ष पुष्प कमल दहल और सीपीएन (यूएमएल) के अध्यक्ष झाला नाथ खनाल इसमें शामिल हैं।
सप्ताह में कम से कम एक बार एचएलपीएम की बैठक होती है, जिसमें शांति प्रक्रिया को तार्किक बनाने, समय पर संविधान बनाने, वर्तमान राजनीतिक गतिरोध को समाप्त करने, पार्टियों के बीच अविश्वास को समाप्त करने और अन्य राजनीतिक संकट दूर करने पर बात की जाती है।
प्रचंड ने वक्तव्य में कहा है, "एचएलपीएम ने हमारी चिंताओं पर चर्चा शुरू कर दी है और राजनीतिक गतिरोध को प्राथमिकता देने की बात कही गई है इसलिए हमने कुछ समय के लिए बंद स्थगित कर दिया है और एचएलपीएम से कुछ सकारात्मकता हासिल करने की उम्मीद कर रहे हैं।"
यद्यपि प्रचंड ने कहा है कि उनकी पार्टी राष्ट्रीय स्वतंत्रता और नागरिक अधिकारों को प्रमुखता दिए जाने के आंदोलन को राष्ट्रीय स्तर पर जारी रखेगी।
उन्होंने यह चेतावनी भी दी है कि यदि वर्तमान राजनीतिक गतिरोध को समाप्त करने पर सहमति नहीं बनी तो यूसीपीएन (माओवादी) को और भी कठोरता से बंद लागू करना पड़ेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications