मेहमानों से बातचीत के लिए अंग्रेजी सीख रहे हैं टैक्सी व रिक्शा चालक
अक्टूबर में हजारों विदेशी खिलाड़ी और पर्यटक राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में इकट्ठे होंगे।
हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान (एचआईपीए) चालकों को प्रशिक्षित कर रहा है।
एचआईपीए खेल शुरू होने से पहले 3,500 टैक्सी चालकों और 8,000 ऑटो रिक्शा चालकों को प्रशिक्षित करेगा। अंग्रेजी का यह प्रशिक्षण शुरू हो चुका है और इसमें हिस्सा लेने वाले प्रत्येक चालक को हर रोज 200 रुपये दिए जाते हैं।
एचआईपीए निदेशक रजनी शेखरी सिब्बल ने शनिवार को कहा, "ये चालक हमारे दूत होंगे क्योंकि जैसे ही विदेशी मेहमान दिल्ली हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे वे सबसे पहले इन्हीं से संपर्क करेंगे।"
उन्होंने बताया कि चालकों को अंग्रेजी का प्रशिक्षण देने के साथ तनाव मुक्त रहने, प्राथमिक चिकित्सा और वाहन में बैठने के दौरान योग के अभ्यास के संबंध में भी बताया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान चालकों के प्रदर्शन का आकलन भी होगा।
सिब्बल ने बताया कि प्रशिक्षण के सफलतापूर्वक पूरा हो जाने के बाद प्रशिक्षित चालकों के नाम, मोबाइल नंबर और वाहन के नंबर पर्यटन मंत्रालय, दिल्ली पुलिस और एचआईपीए की वेबसाइट्स पर जारी किए जाएंगे जिससे कि इन चालकों से कोई भी आसानी से संपर्क कर सकेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications