आस्ट्रेलिया में दो और भारतीयों पर हमला

ये दोनों हमले क्वींसलैंड प्रांत की राजधानी ब्रिस्बेन में दो अलग-अलग इलाकों में हुए। पहला हमला गुरुवार रात लगभग 10.40 बजे 25 साल के युवक पर तब हुआ जब वह अपने घर के समीप ही एक फोन बूथ से किसी को फोन कर रहा था। उसकी पिटाई की गई और पैसे छीन लिए गए।
टैक्सी चालक की पिटाई
दूसरा हमला शुक्रवार तड़के 2.40 बजे एक टैक्सी चालक पर हुआ। दो आदमियों ने टैक्सी चालक को पीटा और उसकी टैक्सी में भी तोड़फोड़ की। टैक्सी चालक को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उसकी आंख में चोट आई है। पुलिस ने इस संबंध में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
भारतीयों पर हुए हमले के संबंध में क्वींसलैंड के कार्यवाहक प्रधानमंत्री एंड्रयू फ्रेजर ने कहा कि यह अतिथियों का स्वागत करने वाला और सहिष्णु समाज है। उन्होंने कहा कि इन दोनों घटनाओं का आपस में कोई संबंध होने का कोई प्रमाण नहीं है। उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि इन घटनाओं को भारतीय प्रेस में ज्यादा तूल नहीं दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि क्वींसलैंड और आस्ट्रेलिया बहुत सुरक्षित स्थल हैं। इस बारे में अंतर्राष्ट्रीय जगत में कोई संशय नहीं है। आस्ट्रेलिया में हाल में भारतीयों पर हमलों की घटनाएं बढ़ी हैं। दो भारतीयों की तो उनमें मौत हो चुकी है। हाल ही में भारतीय टैक्सी चालकों को निशाना बनाने की घटनाएं सामने आ रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications