कर्नाटक की प्रसिद्ध रंगकर्मी चिंदोदी लीला का निधन (लीड-1)
बेंगलुरू, 22 जनवरी (आईएएनएस)। कर्नाटक की प्रसिद्ध रंगकर्मी और फिल्मकार चिंदोदी लीला का गुरुवार को बेंगलुरू के एक अस्पताल में संक्षिप्त बीमारी के बाद निधन हो गया। वह 72 वर्ष की थीं।
लीला पिछले 34 वर्षो से अकेले ही कर्नाटक का एक बड़ा व्यवसायिक थियेटर समूह चला रही थीं। सोमवार को उनकी बायपास सर्जरी हुई थी लेकिन गुरुवार रात 10 बजे से उन्हें ह्रदय संबंधी तकलीफ होने लगी थी।
कर्नाटक की प्रख्यात रंगकर्मी के निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा ने कहा है कि राज्य ने एक ऐसी प्रख्यात कलाकार को खो दिया है जो सामाजिक एवं विकासात्मक गतिविधियों में सक्रिय थीं।
पद्मश्री से सम्मानित लीला को केंद्र का साहित्य अकादमी पुरस्कार और आंध्र प्रदेश सरकार का श्री कृष्णदेवराय सम्मान मिल चुका है। कर्नाटक सरकार ने उन्हें कई पुरस्कारों से नवाजा है। इन पुरस्कारों में गुब्बी वीरान्ना सम्मान भी शामिल है। यह सम्मान कर्नाटक में रंगकर्म के क्षेत्र में दिया जाने वाला सबसे बड़ा पुरस्कार है। लीला ने करीब 20 फिल्मों में अभिनय किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*