जयपुर और अजमेर विश्वस्तरीय रेलवे स्टेशन बनेंगे : अहमद
यहां तीन रेलगाड़ियों के शुभारंभ मौके पर अहमद ने कहा कि केन्द्र सरकार ने उत्तर-पश्चिम रेलवे से वर्ष 2009-10 में 9 नई ट्रेनें चलाने की घोषणा की थी इनमें से चार ट्रेनें पहले शुरू हो चुकी है। तीन आज शुरू हो रही हैं शेष दो को शीघ्र शुरू कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जयपुर रेलवे स्टेशन पर खान-पान के लिए जन आहार शीघ्र खोला जायेगा। उन्होंने कहा कि राजस्थान में जयपुर, अजमेर, जोधपुर, बीकानेर में सुरक्षा की दृष्टि से 8 करोड़ रुपए व्यय किए जायेंगे।
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को जयपुर रेलवे जंक्शन से जयपुर-दुर्ग-जयपुर (साप्ताहिक) एक्सप्रेस और दो दैनिक सेवाएं-फुलेरा रेवाड़ी-फुलेरा वाया रींगस रेल गाड़ियों का बटन दबाकर तथा हरी झण्डी दिखाकर शुभारंभ किया।
जयपुर-दुर्ग-जयपुर रेल से राजस्थान और छत्तीसगढ़ से बेहतर सांस्कृतिक, सामाजिक एवं आर्थिक संबंध बढ़ सकेंगे। इससे बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग शहरों के यात्रियों को आवागमन में सुविधा होगी।
फुलेरा और रेवाड़ी के बीच रेल सेवाएं शुरू होने से अनेक प्रमुख नगरों और कस्बों के यात्रियों और व्यवसायियों को लाभ मिल सकेगा। इन रेलों के शुरू होने से राजस्थान के रींगस एवं नीम का थाना और हरियाणा के नारनौल कस्बे और इनके आसपास के इलाकों के लोगों को जयपुर आने-जाने की सुविधा मिल सकेगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जयपुर-दुर्ग-जयपुर के प्रारंभ होने से राजस्थान छत्तीसगढ़ प्रदेश से जुड़ेगा। गहलोत ने रेल मंत्री से टोंक तथा बांसवाड़ा को रेलवे लाईन से जोड़ने और डूंगरपुर-अहमदाबाद को ब्रोड़गेज से जोड़ने के साथ ही राज्य में जहां भी रेल लाईन नहीं है, उनके कार्य शीघ्र हाथ में लेने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि जब पश्चिम भारत के बन्दरगाहों में से काण्डला उत्तर भारत से जुड़ेगा तो अहमदाबाद सहित पश्चिमी राजस्थान के शहर भी जुड़ेंगे तब अर्थव्यवस्था में और सुधार होगा। उन्होंने कहा कि जब दिल्ली मुम्बई कोरिडोर बनेगा तब उसमें 39 प्रतिशत क्षेत्र राजस्थान का होगा और पांच हब बनेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications