कोहरे से 100 उड़ानें और 176 रेलगाड़ियां प्रभावित (राउंडअप)
दिल्ली में शुक्रवार को भी घना कोहरा छाए रहने से रेल व हवाई सेवाएं प्रभावित रहीं। दृश्यता 100 मीटर तक सिमट जाने से 100 से ज्यादा उड़ानें और 176 रेलगाड़ियां प्रभावित हुईं। शहर का न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री दर्ज किया गया।
दिल्ली में इस साल कड़ाके की सर्दी की वजह से अब तक 10 बेघर लोगों की मौत हो चुकी है। दिल्ली में करीब डेढ़ लाख बेघर लोग हैं। रात्रि विश्रामालय पर्याप्त न होने की वजह से सर्दी में उनकी मुश्किलें बढ़ जाती हैं।
भारत मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा, "राष्ट्रीय राजधानी में पिछले सप्ताह की बारिश के बाद हवा में आद्र्रता है और यही आद्र्रता कोहरे की वजह है।"
हवाई अड्डा के एक अधिकारी ने बताया, "शुक्रवार तड़के हवाई पट्टी पर दृश्यता 50 मीटर से भी कम हो गई थी और विमानों के परिचालन में सुविधा के लिए कैट 3 लैंडिंग प्रणाली का इस्तेमाल किया गया।"
उत्तर रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए 24 घंटे की हेल्पलाइन सेवा शुरू की है। यहां से लोग रेलगाड़ियों के सही समय की जानकारी ले सकते हैं। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के हेल्पलाइन नंबर 23342954 और 23341074, पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के 23967332 और 23962389 व हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के 24355964 और 24359748 हैं।
उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को मौसम ने करवट ली और पूरे राज्य में घना कोहरा छा गया, जिसके कारण रेल और हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।
कड़ाके की सर्दी और कोहरे के मद्देनजर कई रेलगाड़यिां रद्द की जा चुकी हैं। घने कोहरे के चलते शुक्रवार को दिल्ली-लखनऊ स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस और दिल्ली-लखनऊ गोमती एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया।
घने कोहरे के साथ-साथ सर्द हवायें चलने से सर्दी कहर बदस्तूर जारी रहा। दिन में धूप खिलने की संभावना न के बराबर है। पिछले 24 घंटों के दौरान बिजनौर राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां पारा लुढककर 3.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। सुल्तानपुर का न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस और लखनऊ का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रदेश सरकार के सख्त निर्देश हैं कि कड़ाके की सर्दी को दखते हुए सभी 71 जिलों की 312 तहसीलों के सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए।
आगरा में शुक्रवार सुबह कड़ाके की सर्दी के साथ घना कोहरा छाया रहा। सर्द हवाओं के चलते प्राथमिक विद्यालयों की छुट्टियां बढ़ा दी गई हैं। अधिकतर पर्यटकों ने भी बाहर न निकलना ही मुनासिब समझा।
गुरुवार को अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहा जिससे ताजमहल में पर्यटकों ने भरपूर आनंद लिया। रात का तापमान पांच डिग्री सेल्सियस जारी रहने के कारण बाजार शाम जल्दी बंद हो गए।
चण्डीगढ़ सहित हरियाणा और पंजाब में शुक्रवार को भी घने कोहरे का प्रकोप जारी रहा।
चण्डीगढ़ में मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "पूरे क्षेत्र में घना कोहरा छाया हुआ है जिससे दृश्यता 100 मीटर से कम हो गई है। हिमालय के पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फ पिघलने से शीत लहर जारी है और इस क्षेत्र के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।"
अमृतसर शहर का न्यूनतम तापमान शून्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो यहां के औसत तापमान से पांच डिग्री नीचे था।
लुधियाना और पटियाला में न्यूनतम तापमान क्रमश: 5.7 डिग्री सेल्सियस तथा 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं शुक्रवार को चण्डीगढ़ का न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हरियाणा के अंबाला में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो वर्ष के इस समय के औसत तापमान से दो डिग्री नीचे था। वहीं हिसार और करनाल में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस और 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बिहार भीषण सर्दी की चपेट में है। पछुआ हवा के साथ यहां शुक्रवार को घना कोहरा छाया रहा। हालांकि दोपहर बाद हल्की धूप निकलने से लोगों को थोड़ी राहत मिली।
पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के प्रभारी निदेशक एस़ आई़ लश्कर ने शुक्रवार को बताया, "अगले 24 घंटों तक मौसम इसी तरह बना रहेगा। पश्चिम में हुए विक्षोभ के कारण देश के मैदानी भाग भीषण शीतलहर की चपेट में हैं।"
मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को राज्य का सबसे ठंडा क्षेत्र गया रहा जहां का न्यूनतम तापमान 7़ 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा पटना का न्यूनतम तापमान गुरूवार की तुलना में चार डिग्री बढ़कर 9़ 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। राज्य में पूर्णिया का न्यूनतम तापमान 8.2 तथा भागलपुर का न्यूनतम तापमान 9़ 0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कोहरे के कारण उत्तर भारत से आने वाली सभी रेलगाड़ियां देर से चल रही हैं। पूर्व-मध्य रेलवे, हाजीपुर के यात्री परिवहन प्रबंधक एस़ सी़ शर्मा ने बताया, "कोहरे के कारण शुक्रवार को 2365 और 2366 जनशताब्दी एक्सप्रेस रद्द कर दी गई। उत्तर भारत की तरफ से आने वाली सभी ट्रेनें देर से चल रही हैं।"
उड़ीसा के कई हिस्से शुक्रवार को भी शीत लहर की चपेट में रहे। कंधमाल के फुलबनी शहर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
एक अधिकारी ने बताया कि कई जगहों पर न्यूनतम तापमान सात से 10 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। भबानीपटना में 7.5 डिग्री सेल्सियस, सुंदरगढ़ में 8.4 डिग्री सेल्सियस, कोरापुट में 8.5 डिग्री सेल्सियस, बोलनगीर में 8.4 डिग्री सेल्सियस, क्योंझर में 8.8 डिग्री सेल्सियस और झारसुगुडा में तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कश्मीर घाटी में शुक्रवार को शीत लहर से कोई राहत नहीं मिली और लद्दाख में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे बना रहा।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "श्रीनगर में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वहीं कारगिल में तापमान शून्य से 14.8 डिग्री नीचे और लेह में तापमान शून्य से 10.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।"
मौसम विभाग ने कश्मीर घाटी में बरसात और बर्फबारी होने की संभावना जाहिर की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications