कोस्टा रिका के स्टेडियम का दलाई लामा पर नामकरण के प्रस्ताव से चीन नाराज
समाचार एजेंसी ईएफई के मुताबिक चीन ने कहा है कि इस तरह का प्रस्ताव दोनों देशों के आपसी हितों को नुकसान पहुंचा सकता है। चीन को सबसे अधिक इस बात की नाराजगी है कि स्टेडियम के निर्माण में उसके आर्थिक मदद देने के बावजूद इस तरह का प्रस्ताव सामने आया है।
चीन के विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा है कि सैन जोस में बनाया जा रहा स्टेडियम कोस्टा रिका के लोगों के प्रति चीन के प्यार और आदर का प्रतिनिधित्व करता है। चीन ने इस स्टेडियम के निर्माण में 8.3 करोड़ डॉलर की आर्थिक मदद की है।
कोस्टा रिका की राजनीतिक पार्टी- सिटीजन एक्शन पार्टी के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार ओटन सोलिस ने कहा है कि जीतने की स्थिति वह इस स्टेडियम का नामकरण दलाई लामा के नाम पर करना चाहेंगे, जिसके कि यह कोस्टा रिका के लोगों को वित्तीय रूप से परतंत्र होने की याद दिलाता रहेगा।
35 हजार क्षमता वाले इस स्टेडियम में 32 खेल महासंघों का दफ्तर है। इसके अलावा इसमें कई विशालकाय वीडियो स्क्रीन, एक खेल संग्रहालय, ट्रैक एंड फील्ड कोर्स के साथ-साथ टेबल टेनिस, तलवारबाजी और शतरंज स्पर्धाओं के आयोजन की व्यवस्था है।
कोस्टा रिका के अधिकारियों ने इस स्टेडियम का उद्घाटन फरवरी या मार्च, 2011 में करने का फैसला किया है। इस स्टेडियम में सबसे पहले कोस्टा रिका और चिली के बीच फुटबाल मैच का आयोजन होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications