वरिष्ठ समाजवादी नेता जनेश्वर मिश्र का निधन (लीड-2)

लखनऊ, 22 जनवरी (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी (सपा)के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ समाजवादी नेता जनेश्वर मिश्र का शुक्रवार को इलाहाबाद में निधन हो गया। वह 76 वर्ष के थे।

सपा की प्रदेश इकाई के प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने आईएएनएस को बताया, " मिश्र लंबे समय से बीमार थे। गुरुवार देर रात हालत खराब होने के बाद उन्हें इलाहाबाद के बेली अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां आज सुबह चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मिश्र मधुमेह व कई अन्य बीमारियों से पीड़ित थे।"

जनेश्वर मिश्र के प्रतिनिधि शिव प्रसाद मिश्रा ने इलाहाबाद में संवाददाताओं को बताया, " हालत बिगड़ने पर इलाहाबाद से पहले उनको लखनऊ के संजय गांधी परास्नातक आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में हालत गंभीर होने पर उन्हें वापस इलाहाबाद ले जाकर बेली अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शुक्रवार सुबह लगभग 11.30 बजे उनका निधन हो गया।"

शिव प्रसाद के मुताबिक उनका अंतिम संस्कार शनिवार को दोपहर दो बजे इलाहाबाद के दारागंज घाट पर किए जाने की योजना है।

सपा के प्रदेश प्रवक्ता ने बताया, " मिश्र के निधन की सूचना पाकर सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव सैफई में अपना कार्यक्रम छोड़कर इलाहाबाद के लिए रवाना हो गए। प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव व सपा के अन्य नेता भी इलाहाबाद पहुंच रहे हैं।"

गौरतलब है कि छोटे लोहिया के नाम से मशहूर जनेश्वर मिश्र सपा से राज्यसभा के सदस्य थे। इलाहाबाद से तीन बार लोकसभा सदस्य चुने गए मिश्र छह पूर्व प्रधानमंत्रियों मोरारजी देसाई, चौधरी चरणसिंह, विश्वनाथ प्रताप सिंह, चंद्रशेखर, एच.डी. देवेगौड़ा और आई. के. गुजराल की सरकार में मंत्री रहे थे। मिश्र उन समाजवादी नेताओं में से थे, जिन्होंने भारतीय समाजवादी आंदोलन के प्रवर्तक डॉ. राममनोहर लोहिया के साथ काम किया था और उनके नेतृत्व में कई आंदोलनों में शरीक हुए थे।

गत सोमवार को महंगाई और बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर सपा द्वारा मायावती सरकार के खिलाफ किए गए प्रदेशव्यापी जन आंदोलन में बीमारी की हालत में भी मिश्र इलाहाबाद में आंदोलन की अगुवाई कर रहे थे।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+