नक्सली इलाकों में नागरिक प्रशासन को प्रभावी बनाने पर जोर : चिदंबरम
उड़ीसा, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक के बाद चिदंबरम ने संवाददाताओं से कहा, "हमारा लक्ष्य नक्सल बहुल इलाकों में नागरिक प्रशासन को प्रभावी बनाना है, जहां कुछ वर्षो से नक्सली हावी हैं।"
चिदंबरम ने बैठक के संबंध में कहा, "बैठक सफल रही। हमने उठाए जाने वाले कदमों को चिन्हित कर लिया है। नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। हमारा लक्ष्य किसी को मारना नहीं है बल्कि नक्सल प्रभावित इलाकों में नागरिक प्रशासन को प्रभावी बनाना है।"
चिदंबरम की अध्यक्षता में हुई यह बैठक दो घंटे तक चली, जिसमें छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह, उड़ीसा के नवीन पटनायक, महाराष्ट्र के गृह मंत्री आर.आर.पाटिल और अर्धसैनिक बलों के अधिकारी उपस्थित थे।
चिदंबरम ने कहा कि केंद्र सरकार प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के खिलाफ कार्रवाई के लिए राज्य सरकारों को अर्ध सैनिक बल और तकनीक मुहैया करा रही है।
चिदंबरम ने कहा, "मेरा सोचना यह है कि भाकपा (माओ) और अन्य प्रतिबंधित संगठन हिंसा का रास्ता छोड़कर बातचीत करें लेकिन वे लोगों को मार रहे हैं। कल भी उन्होंने छत्तीसगढ़ में दो युवकों की हत्या कर दी जो सेना में भर्ती होना चाहते थे। "
गृहमंत्री ने कहा, "नक्सलियों के खिलाफ समन्वित ऑपरेशन कुछ ही हफ्ते पुराना है। इसके परिणाम संतोषजनक आ रहे हैं और भविष्य में यह और भी संतोषजनक साबित होगा। कई जगहों में नक्सली पीछे हट रहे हैं, हम इसका स्वागत कर रहे हैं लेकिन कुछ इलाकों में वे संघर्ष कर रहे हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
