पुरुषों का शास्त्रीय नृत्य महोत्सव
भुवनेश्वर, 22 जनवरी (आईएएनएस)। उड़ीसा की राजधानी में भुवनेश्वर में 27 जनवरी से तीन दिवसीय शास्त्रीय नृत्य महोत्सव का आयोजन होगा। जिसमें केवल पुरुष नर्तक ही ओडिसी, भरतनाट्यम और कथक प्रस्तुत करेंगे।
प्रख्यात ओडिसी नर्तक केलुचरण महापात्रा द्वारा स्थापित नृत्य संस्थान 'सृजन' पिछले तीन वर्षो से इस विशेष नृत्य महोत्सव का आयोजन कर रहा है। मार्ग दर्शन गुरु केलुचरण महापात्रा पुरुष नृत्य महोत्सव नाम से यह आयोजन होता है।
केलुचरण महापात्रा के बेटे और सृजन के निदेशक रतिकांत महापात्रा ने शुक्रवार को आईएएनएस से कहा कि नृत्य के क्षेत्र में पुरुषों के लिए संभावनाएं बहुत कम हैं और यह इस समय की जरूरत है कि अच्छे और प्रतिभाशाली पुरुष नर्तकों को उनकी कला के प्रदर्शन के लिए मंच उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि पुरुष गुरु परंपरा को कई पीढ़ियों तक पहुंचाते हैं। इसलिए यह आवश्यक है कि पुरुष नर्तकों को वह सम्मान और अवसर मिले जिसके वे हकदार हैं।
महोत्सव में इस साल सात नर्तक शहर के जयदेव भवन में शास्त्रीय नृत्य की विभिन्न शैलियों के नृत्य पेश करेंगे।
उन्होंने बताया कि उड़ीसा, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक और दिल्ली के नर्तक ओडिसी, भरतनाट्यम, कथक और कुचिपुड़ी नृत्य प्रस्तुत करेंगे।
महापात्रा ने बताया कि महोत्सव में नृत्य प्रस्तुतियों के अतिरिक्त नृत्य आलोचक आशीष खोकर पुरुष नर्तकों पर एक वक्तव्य देंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications