काबुल में राष्ट्रपति भवन पर तालिबानी हमला

इस आकस्मिक हमले से आतंकियों और सुरक्षाकर्मियों में भारी लड़ाई छिड़ गयी। चार घंटे तक चली इस मुठभेड़ में कुल सात तालिबान हमलावर, दो नागरिक और तीन सुरक्षा अधिकारी मारे गए हैं और 71 लोग घायल हो गए हैं।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार आतंकियों और सरकारी सुरक्षाकर्मियों के बीच छिड़ी मुठभेड़ अब समाप्त हो गई है। राष्ट्रपति हामिद करजई ने हमले की निंदा की है और काबुलवासियों को भरोसा दिलाया है कि शहर अब पूरी तरह से सुरक्षा बलों के नियंत्रण में है।
लेकिन तालिबान प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने अज्ञात स्थान से फोन पर दावा किया है कि आत्मघाती हमलावरों सहित करीब 20 आतंकवादी राष्ट्रपति निवास सहित अन्य सरकारी इमारतों को निशाना बनाने के लिए काबुल में दाखिल हो गए हैं।
इस आतंकी हमले में कई आत्मघाती हमलावर भी मौजूद थे। जिनमे से तीन ने काबुल की प्रमुख इमारतों के सामने खुद को उड़ा दिया । इससे काफी लोगों को चोट पहुंची और लोग घायल हो गये। अफगानिस्तान के खुफिया प्रमुख अमरुल्लाह सालेह ने बताया कि सुरक्षा बलों ने अंतिम बचे दो आतंकियों को भी मार गिराया, क्योंकि दोनों ने आत्मसमर्पण करने से इंकार कर दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications