बिहार में सर्दी का प्रकोप जारी
पटना, 16 जनवरी (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना सहित राज्य के अन्य स्थानों में शीतलहर का प्रकोप जारी है। शनिवार को लगातार सातवें दिन भी आंशिक बादल छाये रही और लोग खिली धूप का आनंद नहीं ले पाये।
राज्य के न्यूनतम तापमान कुछ अवश्य वृद्घि हुई है परंतु शीतलहर के कारण सर्दी का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को पटना का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो शुक्रवार की तुलना में 1.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है।
राज्य में शनिवार को पूर्णिया सबसे ठंडा स्थान रहा जहां का न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इसके अलावा गया का न्यूनतम तापमान 10़ 1 तथा भागलपुर का न्यूनतम तापमान 11़.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के प्रभारी निदेशक एस़ आई़ लश्कर ने शनिवार को बताया कि अगले दो दिनों में पटना के मौसम में कोई खास बदलाव आने की संभावना नहीं है। उन्होंने कहा कि अगले चौबीस घंटे तक हल्के बादल छाये रहेंगे जिससे धूप खिलने की उम्मीद नहीं है। उन्होंने कहा कि इस दौरान कोहरा भी छाया रहेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications