सऊदी शाहजादे ने विक्रम पंडित से बेहतर परिणाम देने को कहा
वाशिंगटन, 16 जनवरी (आईएएनएस)। सिटीग्रुप में बड़े निवेशकर्ता सऊदी अरब के शाहजादा अलवालीद बिन तलाल का कहना है कि उन्होंने बैंक के भारतीय मूल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विक्रम पंडित से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करके वर्ष 2010 में बेहतर परिणाम देने को कहा है।
'फॉक्स बिजनेस' पर एक साक्षात्कार में अलवालीद ने कहा, "मुख्य कार्यकारी अधिकारी से मुलाकात के दौरान मैंने उनको धमकाया नहीं लेकिन कहा कि बाजार ने आपको वास्तव में दो वर्षो की छूट दी। परंतु वर्ष 2010 में आपको बेहतर परिणाम देना होगा।"
किंगडम होल्डिंग कंपनी के अध्यक्ष अलवालीद ने कहा, "पंडित को भविष्य में बाजार के चढ़ने की उम्मीद में हैं। यह हमारे और शेयरधारकों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है, जिन्होंने सिटीबैंक के लिए बहुत धैर्य रखा है। दो वर्ष पर्याप्त हैं और मेरा मानना है कि वर्ष 2010 में वह परिणाम देंगे।"
'ट्रबल्ड असेट रिलीफ कार्यक्रम' के तहत कर्ज लेने वाले कुछ बैंकों पर अगले 10 वर्षो तक बैंक शुल्क लगाने के व्हाइट हाउस के प्रस्ताव के बारे में पूछे जाने पर अलवालीद ने कहा कि वह इस कर के खिलाफ हैं।
अलवालीद ने कहा, "मेरा मानना है कि बैंकों पर कर लगाने का यह उचित समय नहीं है। यह सघन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) से बाहर निकले किसी मरीज पर अचानक भार लादने जैसा ही है। यदि यह होने जा रहा है तो यह बहुत जल्दबाजी है।"
अलवालीद ने सहमति जताई कि मंदी और आर्थिक संकट का सबसे खराब दौर बीत चुका है लेकिन प्रोत्साहन पैकेजों के वापस लेने के बाद की स्थिति के बारे आशंका जताई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications