भारत की तमाम सांस्कृतिक वस्तुएं उपेक्षित पड़ी हैं : प्रधानमंत्री
कोलकाता, 16 जनवरी (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने देश की तमाम सांस्कृतिक वस्तुओं की उपेक्षा पर तथा बहुमूल्य शिल्पकृतियों के संरक्षण और उनके प्रदर्शन के तौर-तरीकों पर शनिवार को अपनी नाखुशी जाहिर की।
प्रधानमंत्री ने यहां साइंस सिटी में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा, "दुनिया हमारी सांस्कृतिक वस्तुओं, हमारे स्मारकों, कलात्मक कार्यो और ऐतिहासिक अवशेषों के लिए हमसे लगाव रखती है। लेकिन इनमें से तमाम ऐसी वस्तुएं उपेक्षित पड़ी हुई हैं।"
प्रधानमंत्री ने कहा, "सच्चाई यह है कि हमारे सर्वोत्तम इरादों के बावजूद हमारी शिल्पकृतियों को जिन तरीकों से संरक्षित और प्रदर्शित किया जाता है, वह आज के वैश्विक मानकों से बहुत नीचे है।"
सिंह ने कहा कि सरकार ने प्राथमिकता के आधार पर संग्रहालयों के सुधार का निर्णय लिया है। सांस्कृतिक मामलों पर केंद्रीय परामर्श बोर्ड से कहा गया है कि वह भारतीय संग्रहालयों को विश्वस्तरीय संगठनों में परिवर्तित करने के लिए एक कार्य योजना सुझाए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications