दिल्ली में कोहरे से विमान और रेल सेवाएं प्रभावित (लीड-1)
नई दिल्ली, 16 जनवरी (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार सुबह कोहरे की मोटी चादर छाने से दृश्यता में आई कमी के कारण कम से कम 23 उड़ानों और 18 रेलगाडियों में देरी होने और सड़क यातायात प्रभावित होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
घने कोहरे के चलते इंदिरा गांधी हवाई अड्डे (आईजीआई) की हवाई पट्टी पर शनिवार को दृश्यता 75 मीटर तक रह गई थी।
एक हवाई अड्डा अधिकारी के अनुसार कम से कम 12 घरेलू और 11 अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों में तीन घंटे की देरी हुई। अधिकारी ने बताया की बाद में दृश्यता में सुधार आ गया। एक विमान के उड़ान भरने के लिए हवाई पट्टी पर दृश्यता कम से कम 150 मीटर होना चाहिए।
इसी तरह रेल सेवाएं भी कोहरे से प्रभावित हुई।
उत्तर रेलवे के एक प्रवक्ता ने आईएएनएस से बताया कि कम से कम दो रेलगाड़ियों के समय में बदलाव करना पड़ा है। 18 गाड़ियां तीन घंटें या उससे अधिक की देरी से चल रही हैं जबकि खराब मौसम के चलते 25 रेलगाड़ियों को रद्द कर दिया गया है।
अधिकारी ने बताया कि सुबह आगरा के नजदीक दो रेल गाड़ियों के टकरा जाने से मार्ग बाधित हो गया। इसलिए और भी रेलगाड़ियो के प्रभावित होने की आशंका है।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार सुबह सात बजे दृश्यता 200 मीटर थी।
आईएमडी के एक अधिकारी ने बताया, "कोहरा दोपहर तक रहेगा और आंशिक बादल भी छाए रहेंगे।"
शनिवार को न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम 17.5 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications