सुखना घोटाले में सख्त कार्रवाई होगी: सेनाध्यक्ष

जनरल कपूर ने सख्त रवैया अपनाते हुए सुखना मामले पर साफ कहा है कि यदि कोई अधिकारी दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी। थल सेनाध्यक्ष जनरल दीपक कपूर ने गुरुवार शाम सुखना घोटाले के संबंध में सेना के नियमों के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह घोटाला स्वयं सेना ने ही उजागर किया है। कोई अन्य एजेंसी इसे सामने नहीं लाई। इस मामले में सेना के नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस घोटाले के बारे में कोर्ट ऑफ इंक्वोयरी की रिपोर्ट मिल चुकी है। उस पर विचार विमर्श और विश्लेषण कर दिशा निर्देश जारी किए गए हैं।
जनरल कपूर ने कहा कि उनका दायित्व बनता है कि वह न्याय करें। उन्होंने कहा कि वह किसी दबाव में आए बिना काम करेंगे और किसी पूर्वाग्रह में नहीं आएंगे। उन्होंने मीडिया से भी जिम्मेदारी से काम लेने को कहा।
एंटनी ने नहीं दी कोई प्रतिक्रिया
वहीं रक्षा मंत्री एके एंटनी ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देने से साफ इंकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि जनरल कपूर ही इस मामले में आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
इसे पहले कपूर ने सोमवार को रक्षा मंत्रालय को इस संबंध में कार्रवाई रिपोर्ट सौंपी थी। इसमें उन्होंने लेफ्टिनेंट जनरल पीके रथ के खिलाफ कोर्ट मार्शल की सिफारिश की है जबकि अपने निकट सहयोगी लेफ्टिनेंट जनरल अवधेश प्रकाश से सिर्फ सफाई मांगी है। प्रकाश 31 जनवरी को सेवानिवृत होने वाले हैं। सेना की कोर्ट ऑफ इंक्वोयरी ने गत दिसम्बर में इस घोटाले पर अपनी रिपोर्ट दी थी।












Click it and Unblock the Notifications