पछुआ हवाएं चलने से बिहार में शीत लहर जारी
पटना, 15 जनवरी (आईएएनएस)। बिहार में पछुआ हवाएं चलने के कारण सर्दी का प्रकोप जारी है। लगातार छठे दिन हल्के बादलों के कारण शुक्रवार को भी लोगों को खिली धूप नसीब नहीं हुई।
मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को पटना का न्यूनतम तापमान गुरूवार की तुलना में करीब दो डिग्री सेल्सियस लुढ़ककर 8.5 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा। गुरूवार को पटना का न्यूनतम तापमान 10़ 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। पटना में बुधवार को इस मौसम का सबसे सर्द दिन था जब यहां का न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शुक्रवार को गया का न्यूनतम तापमान 10़ 3 तथा भागलपुर का न्यूनतम तापमान 11़ 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इधर, पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक अनिमेश चंद्रा ने बताया कि आने वाले दो दिनों तक सर्दी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। आद्र्रता अधिक होने से घना कोहरा छाया रहेगा। उन्होंने बताया कि पछुआ हवाओं के कारण राज्य में सर्दी का प्रकोप जारी है। चंद्रा के मुताबिक अगले 12 घंटे के अंदर हल्के बादल छाये रहेंगे। इस कारण खिली धूप निकलने की संभावना नहीं है।
ज्ञात हो कि राज्य में सर्दी के मद्देनजर शुक्रवार तक राज्य सरकार ने सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों को बंद रखने का निर्देश दिया है जबकि आपदा प्रबंधन विभाग ने राज्य के सभी प्रखंडों में सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलाने की व्यवस्था की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications