मप्र में चिकित्सकों की सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष होगी
भोपाल, 15 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने में चिकित्सकों की कमी के चलते आ रही दिक्कतों के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग ने सेवानिवृत्ति आयु 62 से बढ़ाकर 65 वर्ष करने का मन बना लिया है। इस पर कैबिनेट की मोहर लगना शेष रह गई है।
लोक स्वास्थ्य मंत्री अनूप मिश्रा ने विभागीय अधिकारियों से कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ हुई मंथन बैठक में विभाग की अनुशंसाएं तय हुई हैं, जिन्हें समय सीमा में पूरा किया जाना है। इन अनुशंसाओं को तीन वगरें में बांटा गया है। सबसे आवश्यक अनुशंसाओं को 31 मार्च तक हर हाल में क्रियान्वित किया जाना तय हुआ है। चिकित्सकों की सेवानिवृत्ति आयु बढ़ाकर 65 की जाएगी। इतना ही नहीं प्रदेश के 35 अनुसूचित जाति विकास खंडों मे मोबाइल अस्पताल खोले जाएंगे।
स्वास्थ्य मंत्री ने तत्काल स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए शुरू की गई 108 सेवा की तर्ज पर जननी सुरक्षा योजना का लाभ भी आमजनों को दिलाने लिए हर जिले में वाहन व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने इसके लिए राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन का सहयोग लिए जाने की सलाह दी। उन्होंने अस्पतालों की साफ सफाई के साथ विकलांगों की समस्याओं की भी चर्चा की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications