मुंबई हमले के षडयंत्रकारियों में अब राणा का नाम (लीड-1)
शिकागो, 15 जनवरी (आईएएनएस)। अमेरिका की एक अदालत ने पाकिस्तानी मूल के संदिग्ध आतंकवादी डेविड कोलमैन हेडली के साथ अब तहव्वुर हुसन राणा को भी मुंबई हमले के मामले में आरोपी बनाया है।
मुंबई हमले के संदर्भ में हेडली को विगत सात दिसम्बर को ही आरोपी बनाया गया था। अब राणा भी इस हमले का आरोपी है। शिकागो की अदालत ने हेडली और राणा के खिलाफ कुल 12 आरोप तय किए हैं।
राणा के खिलाप आरोप तय किया गया है कि उसने मुंबई हमले की तैयारी और इस हमले को अंजाम दिए जाने में लश्कर-ए-तैयबा की मदद की। इसके साथ ही डेनमार्क में हमले की सालिश रचने के मामले ही उसे आरोपी बनाया गया है।
हेडली और राणा के साथ इलियास कश्मीरी और पाकिस्तानी सेना के अवकाश प्राप्त मेजर अब्दुर रहमान हाशिम सैयद (अब्दुर रहमान) को भी आरोपी बनाया गया है। इन दोनों को डेनमार्क में हमले की साजिश से जुड़ा भी बताया गया है।
राणा और उसके साथी डेविड कोलमैन हेडली को पहले डेनमार्क के अखबार 'जिलेदंस पोस्टन' के कार्यालयों पर हमले की साजिश रचने का आरोपी बनाया गया था। उल्लेखनीय है कि इसी अखबार ने वर्ष 2005 में पैगम्बर के विवादास्पद कार्टून छापे थे।
राणा और हेडली दोनों पाकिस्तानी मूल के नागरिक हैं। अभियोजकों ने राणा के खिलाफ विगत अक्टूबर में ही आपराधिक मामला दर्ज किया था। उसके खिलाफ अभियोग दायर करने के लिए सरकार के पास गुरुवार तक का ही समय था।
अभियोजकों ने हेडली पर आरोप लगाया है कि हमले से पहले उसने मुंबई का दौरा कर प्रमुख ठिकानों की टोह ली थी। अदालत में पेश दस्तावेजों में कहा गया कि हमले से पहले राणा मुंबई में था और वहां से दुबई गया था।
हेडली और राणा के मामले में सरकार की ओर से पेश हलफनामें के अनुसार राणा विभन्न स्थानों पर हमलों के लिए पाकिस्तानी आतंकवादियों के साथ बातचीत में शामिल था।
गौरतलब है कि 26 नवंबर, 2008 को मुंबई में हुए आतंकवादी हमलों में लगभग लगभग 174 लोग मारे गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications