कश्मीर में और आतंकी हमलों व घुसपैठ की संभावना : सेना
उधमपुर, 15 जनवरी (आईएएनएस)। सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को कहा है कि जम्मू एवं कश्मीर में आतंकी हमलों तथा आतंकी घुसपैठ में बढ़ोतरी की संभावना बनी हुई है, क्योंकि पाकिस्तान में जिस तरीके से घटनाएं घटित हुई हैं, वह उससे नाराज है।
सेना के उत्तरी कमान के प्रमुख, लेफ्टिनेंट जनरल बी.एस.जसवाल ने कहा है, "जम्मू एवं कश्मीर में व्याप्त शांति पाकिस्तान को पसंद नहीं है। यही कारण है कि यहां फिदायीन हमले हो रहे हैं और नियंत्रण रेखा व अंतर्राष्ट्रीय सीमा से घुसपैठ की कोशिशें बढ़ गई हैं।"
यहां स्थित उत्तरी कमान के मुख्यालय में आयोजित अधिष्ठापन समारोह के बाद संवाददाताओं से बातचीत करते हुए जसवाल ने कहा कि पाकिस्तान यहां आतंकियों को घुसाने तथा श्रीनगर के लाल चौक में पिछले सप्ताह हुए हमले की तरह आतंकी हमलों को अंजाम दिलाने की कोशिश करेगा।
जसवाल ने लद्दाख क्षेत्र में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) को लेकर बदली धारणाओं की बात तो स्वीकार की, लेकिन भारतीय क्षेत्र पर चीन द्वारा कब्जा किए जाने की बात से उन्होंने इंकार किया। उन्होंने कहा, "वहां ऐसा कुछ भी नहीं हुआ है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications