दो भारतीय पत्रकारों को आस्ट्रेलिया-इंडिया काउंसिल यंग मीडिया फेलोशिप
इस फेलोशिप का लक्ष्य युवा मीडिया कर्मियों को अपना भविष्य संवारने और आस्ट्रेलिया के बारे में अपना ज्ञान बढ़ाने का अवसर मुहैया कराना है।
विजेताओं की घोषणा करते हुए भारत में आस्ट्रेलियाई उच्चायुक्त पीटर वर्गीज ने कहा, "इस फेलोशिप के लिए शोध के प्रासंगिक और रोचक विषयों पर ढेर सारे योग्य आवेदन प्राप्त हुए। हमें खासतौर से इस बात को लेकर खुशी है कि इस फेलोशिप के लिए देश के अधिकांश प्रमुख मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकारों ने आवेदन किया। चयन समिति के लिए आवेदन पत्रों की छंटनी प्रक्रिया काफी चुनौतीपूर्ण रही।"
वर्ष 2010 के विजेताओं में 'द वीक' पत्रिका के सैयद नजाकत हुसैन तथा 'द टाइम्स ऑफ इंडिया' से जुड़ी अनहिता मुखर्जी के नाम शामिल हैं। हुसैन आस्ट्रेलिया-भारत के बीच द्विपक्षीय संबंधों से जुड़े मुद्दों को देखेंगे। इसमें हाल में घोषित दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी भी शामिल है। यहीं पर अनहिता आस्ट्रेलिया में उच्च शिक्षा पर अपना ध्यान केंद्रित करेंगी।
दोनों भारतीय पत्रकारों को इस फेलोशिप के तहत 10,000 डॉलर (लगभग चार लाख रुपये) की राशि प्रदान की जाएगी। इस राशि से वे छह सप्ताह तक आस्ट्रेलिया में रह कर अपनी पसंद के विषयों पर शोध कर सकेंगे।
आस्ट्रेलिया प्रवास के दौरान आस्ट्रेलिया-इंडिया काउंसिल बोर्ड एंड सेक्रेटेरिएट और आस्ट्रेलियाई मीडिया की कई सारी प्रमुख हस्तियां इन पत्रकारों की मदद के लिए उपलब्ध रहेंगी। ये सभी उन्हें विशेष सलाह और सहायता उपलब्ध कराएंगे।
फेलोशिप की घोषणा के समय आस्ट्रेलिया-इंडिया काउंसिल के अध्यक्ष तथा भारत में आस्ट्रेलिया के पूर्व उच्चायुक्त रहे जॉन मैक्कार्थी भी उपस्थित थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications