अगरतला में चार मणिपुरी उग्रवादी गिरफ्तार
अगरतला, 15 जनवरी (आईएएनएस)। त्रिपुरा पुलिस ने बांग्लादेश के रास्ते राज्य में घुसे मणिपुर की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के चार संदिग्ध उग्रवादियों को अगरतला में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने गुरुवार रात चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया जो अवैध रूप से बांग्लादेश के रास्ते सीमा पार कर पश्चिमी त्रिपुरा में घुस गए थे। ये उग्रवादी एक चुराए गए वाहन से गुवाहाटी जाने का प्रयास कर रहे थे।
उप पुलिस अधीक्षक (मध्य) हरिमोहन दास ने कहा, " हम संदिग्ध उग्रवादियों की जांच कर रहे हैं और मणिपुर से उनके बारे में जानकारी हासिल कर रहे हैं।"
दास ने आईएएनएस को बताया कि प्रारंभिक पूछताछ के दौरान उग्रवादियों ने पुलिस को बताया कि एक धार्मिक समारोह में हिस्सा लेने के लिए उन्हें नवंबर के शुरू में बांग्लादेश में श्रीमंगल भेजा गया था। पुलिस उनकी बातों की सत्यता का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।
गौरतलब है कि गत वर्ष जुलाई में त्रिपुरा में पुलिस ने मणिपुर के प्रतिबंधित संगठन यूनाइटेड लिबरेशन फ्रंट (पीयूएलएफ) के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया था जिसमें स्वयंभू कमांडर मोहम्मद अब्दुर्र रहमान भी शामिल था।
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और खुफिया सुत्रों के मुताबिक बांग्लादेशी सुरक्षा बलों की कार्रवाई की वजह से सैकड़ों उग्रवादी जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं, बांग्लादेश से भागकर या तो भारतीय अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण कर चुके हैं या फिर पड़ोसी देशों में सुरक्षित स्थानों में शरण ले चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications