आस्ट्रेलिया में फिर हुआ भारतीय पर हमला, हमलावर जेल में (लीड-2)

मेलबर्न/नई दिल्ली, 15 जनवरी (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया में शुक्रवार को एक और भारतीय पर हमला हुआ। हमला करने वाले शख्स को हालांकि गिरफ्तार कर लिया गया और उसे तीन महीने की जेल की सजा सुनाई गई। इधर, मेलबर्न में गत दिनों एक गुरुद्वारे को जलाए जाने की घटना की विरोध में नई दिल्ली में सिखों ने प्रदर्शन किया।

बालारात शहर में एक भारतीय टैक्सी चालक पर 48 वर्षीय पॉल ब्रोगडेन नाम के एक आस्ट्रेलियाई नागरिक ने पहले तो गाली-गलौच की और फिर उस पर हमला बोल दिया।

एबीसी ऑनलाइन के मुताबिक विक्टोरिया स्थित बालारात के मजिस्ट्रेट मिशेल होजसन की अदालत ने ब्रोगडेन को तीन महीने के कारावास की सजा सुनाई है। ब्रोगडेन ने अपना अपराध भी कबूल कर लिया। अदालत ने उसे पीड़ित टैक्सी चालक को बतौर मुआवजा 1500 डॉलर देने का आदेश भी दिया है।

ब्रोगडेन ने 24 वर्षीय भारतीय टैक्सी चालक के साथ पहले दुर्व्यवहार किया था। इस घटना के बाद चालक ने बालारात सर्विस स्टेशन में शरण मांगी। समाचार एजेंसी एएपी ने पुलिस की प्रवक्ता के हवाले से खबर दी है कि ब्रोगडेन चालक के पीछे सर्विस स्टेशन तक जा धमका और उस पर हमला कर दिया। इस घटना में टैक्सी को नुकसान पहुंचा।

ब्रोगडेन को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया और उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। हमले में चालक को ज्यादा चोट नहीं आई।

बालारात टैक्सी को कोओपरेटिव के अध्यक्ष स्टीफन आर्मस्ट्रोंग ने कहा, "यह बड़ी दुखद घटना है। एक व्यक्ति जो बालारात के निवासियों की सेवा में लगा है और अपना कर्तव्य निभा रहा है, उसके साथ ऐसा व्यवहार हुआ।"

बालारात भारतीय संघ के अध्यक्ष खुशी महाराज ने कहा, "मीडिया में मेलबर्न तथा अन्य शहरों से आ रही खबरों की देखा-देखी में बालारात के लोग भी ऐसा कर रहे हैं। "

इस बीच, बुधवार को मेलबर्न में एक निर्माणाधीन गुरुद्वारे में आग लगाए जाने की घटना के खिलाफ भारत में जबरदस्त विरोध देखा गया।

गुरुद्वारे में आग लगाए जाने की घटना से उत्तेजित सिखों के एक समूह ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। लगभग 150 की संख्या में सिखों का यह समूह चाणक्यपुरी स्थित तीनमूर्ति के निकट पहुंचा और प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों के हाथ में पोस्टर भी थे, जिन पर लिखा था, "नस्लीय हमले बंद हो"।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "प्रदर्शनकारी आस्ट्रेलिया में भारतीयों पर हो रहे हमले तथा वहां के एक गुरुद्वारे में हुई आगजनी की घटना के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। सिखों के इस समूह ने आस्ट्रेलियाईउच्चायुक्त को एक ज्ञापन भी सौंपा।"

उल्लेखनीय है कि आस्ट्रेलिया में भारतीयों पर पिछले साल से लगातार हमले हो रहे हैं। हमलों की दो घटनाओं में भारतीयों को जान गंवानी पड़ी है। गत 29 दिसम्बर को न्यू साउथ वेल्स में रणजोध सिंह नाम का युवक मारा गया था जबकि दो जनवरी को एक अन्य भारतीय नितिन गर्ग की भी चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई थी।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+