दिलचस्प रहा सबसे लंबे और सबसे छोटे शख्स का मिलन
इस्तांबुल, 15 जनवरी (आईएएनएस)। तुर्की का यह खूबसूरत शहर दुनिया के दो दिलचस्प शख्सों के मिलन का गवाह बन गया। जब दुनिया के सबसे नाटे व्यक्ति ही पिंगपिंग ने सबसे लंबे व्यक्ति सुल्तान कोसेन से हाथ मिलाया तो वहां मौजूद लोगों की तालियां बज उठीं।
चीन के रहने वाले 21 वर्षीय पिंगपिंग के नाम अगर दुनिया का सबसे नाटा शख्स होने का रिकार्ड दर्ज है तो इसकी वजह यह है कि उनकी लंबाई महज 73.66 सेंटीमीटर यानी 2 फुट 5 इंच है। वहीं 27 वर्षीय तुर्की किसान के नाम दुनिया का सबसे लंबा शख्स होने का रिकार्ड दर्ज है। उनकी लंबाई 246.5 सेंटीमीटर यानी 8 फुट 1 इंच है। दिलचस्प तथ्य है कि सबसे नाटे कद के व्यक्ति से हाथ मिलाने वाले कोसेन ने सबसे लंबा व्यक्ति होने का ताज चीन के बाओ जिशुन से हासिल किया है। जिशुन से वह 10 सेंटीमीटर ज्यादा लंबे हैं।
गिनीज विश्व रिकार्ड रोड शो की लांचिंग के अवसर पर इस सर्वाधिक लंबे व्यक्ति ने अपने देश में पिंगपिंग का स्वागत करते हुए कहा, "मुझे इस बेहद छोटे शख्स पर नजर टिकाने में कठिनाई हो रही थी।" प्रेस टीवी के मुताबिक इस मौके पर दोनों को सबसे लंबे और सबसे नाटे व्यक्ति का ताज पहनाया गया। वहीं, पिंगपिंग ने कहा कि बांस जैसे लंबे इस व्यक्ति से सीना तानकर हाथ मिलाने का अनुभव वाकई यादगार रहा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications