शहरी विकास क्षेत्र में सहयोग बढ़ाएंगे भारत और अमेरिका
भारतीय दूतावास के मुताबिक अमेरिका की यात्रा पर आए भारत के शहरी विकास सचिव एम.रामचंद्रन की अमेरिका के आवास एवं शहरी विकास मंत्री शॉन डोनोवन और संघीय पारगमन प्रशासन विभाग के प्रशासक पीटर एम. रोगोफ के बीच हुई बातचीत में इस मसले पर व्यापक चर्चा हुई।
इस बातचीत के दौरान अमेरिका में भारतीय राजदूत मीरा शंकर भी मौजूद थीं। इसमें शहरी विकास एवं नियोजन क्षेत्र में दोनों देशों की चुनौतियों पर चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने इस क्षेत्र की प्राथमिकताओं को चिन्हित करने की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने शहरी साफ-सफाई, नगर निगम की भूमिका, ऊर्जा बचत, भवन निर्माण मानकों के विकास, क्षमता निर्धारण, निजी-सार्वजनिक भागीदारी एवं शहरी परिवहन प्रणालियों की सुरक्षा जैसे बिंदुओं पर व्यापक चर्चा की।
इससे पहले रामचंद्रन और रोगोफ ने इस क्षेत्र में सहयोग के लिए वर्ष 2007 में दोनों देशों के बीच हुए समझौते के कार्यान्वयन की समीक्षा की। इस सहमति पत्र पर अमेरिकी परिवहन विभाग एवं भारतीय शहरी विकास मंत्रालय ने हस्ताक्षर किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications