कम्प्यूटर सुरक्षा प्रणाली में कोई सेंध नहीं : पीएमओ
नई दिल्ली, 15 जनवरी (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री कार्यालय ने शुक्रवार को उन खबरों का खंडन किया जिनमें कहा जा रहा था कि प्रधानमंत्री कार्यालय व अन्य केंद्रीय कार्यालयों के कम्प्यूटरों की सुरक्षा प्रणाली में हाल ही में सेंधमारी की गई है।
समाचार चैनल 'हेडलाइन्स टुडे' की एक रिपोर्ट में कहा गया था कि गत वर्ष 15 दिसम्बर के आसपास चीन के कुछ कम्प्यूटर विशेषज्ञों ने प्रधानमंत्री कार्यालय के कम्प्यूटरों को निशाना बनाया था और सेंध लगाने का प्रयास किया था। जांचकर्ता अभी तक इससे हुए नुकसान का अंदाजा नहीं लगा पाए हैं।
प्रधानमंत्री के मीडिया सलाहकार हरीश खरे से जब इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने ऐसी किसी भी सेंधमारी की घटना से इंकार किया। उन्होंने कहा, "हमारे कम्प्यूटरों में सेंध लगाने की कोशिशें हमेशा होती रहती हैं लेकिन हमने सभी सुरक्षात्मक उपाय कर रखे हैं।"
उन्होंने कहा, "हमारे कम्प्यूटरों की सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कोई सेंध नहीं लगाई गई। सब कुछ सुरक्षित है।"
समाचार चैनल की रिपोर्ट में कहा गया था कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार एम. के. नारायणन, कैबिनेट सचिव के. एम. चंद्रशेखर, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के विशेष दूत श्याम शरण और राष्ट्रीय सुरक्षा उपसलाहकार शेखर दत्त सेंध लगाने वालों के निशाने पर थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications