भारत से हुए समझौतों के खिलाफ बीएनपी की सक्रियता बढ़ी
ढाका, 15 जनवरी (आईएएनएस)। बांग्लादेश की मुख्य विपक्षी पार्टी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी(बीएनपी) ने भारत के साथ हुए ताजा समझौतों को खारिज करते हुए इनका कार्यान्वयन रोकने के लिए आंदोलन तेज करने का आह्वान किया है। पार्टी ने इस मुद्दे पर विपक्षी एकता की अपील की है।
बीएनपी अध्यक्ष और विपक्ष की नेता खलिदा जिया भारत से हुए समझौतों पर वाम दलों और इस्लामी पार्टियों से बातचीत कर आगे की रणनीति तय करेंगी। 'द डेली स्टार' के मुताबिक वह शनिवार को आंदोलन की योजनाओं का खुलासा करेंगी। अखबार लिखता है कि बीएनपी ने इसे विपक्षी एकता मजबूत करने के मौके के तौर पर लिया है। बीएनपी बांग्लादेश के प्रति भारत की सद्भावना पर शक जाहिर करती रही है।
यह पार्टी चाहती है कि भारत के साथ हुए समझौतों का कार्यान्वयन रोकने के लिए सभी विपक्षी दल आपस में हाथ मिलाएं। इस मसले पर जगह-जगह रैलियों, विरोध प्रदर्शनों, धरनों का आयोजन होगा। पार्टी ने संसद का बहिष्कार समाप्त कर सरकार को घेरने की योजना बनाई है। पार्टी के कई नेता चाहते हैं कि पार्टी के सांसद सदन में लौटें और सरकार पर दबाव बनाएं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications