ज्योति बसु की हालत नाजुक
अस्पताल के अधिकारियों की ओर से सुबह जारी मेडिकल बुलेटिन में कहा गया, "बसु की हालत बेहद नाजुक है। उन्हें कृत्रिम श्वसन प्रणाली (वेंटीलेटर)पर रखा गया है।"
बुलेटिन के मुताबिक, "उनके ह्रदय व गुर्दे की स्थिति में शुक्रवार को कोई और ज्यादा नहीं बिगड़ी। उनकी स्थिति गुरुवार जैसी ही बनी हुई है।"
बुलेटिन में कहा गया, "आज (शुक्रवार) शाम उनका डायलिसिस किया जाएगा। उनके शरीर के लिए ऑक्सीजन की जरूरत भी बढ़ गई है।"
गुरुवार को भी उनकी डायलिसिस किया गया था। इसकी वजह से उनके गुर्दे को थोड़ा सहारा मिला है।
डाक्टरों का एक दल उनके स्वास्थ्य की लगातार निगरानी कर रहा है। यह दल शाम सात बजे फिर से बसु के स्वास्थ्य की समीक्षा करेगा। रात आठ बजे फिर से एक मेडिकल बुलेटिन जारी किया जाएगा।
95 वर्षीय बसु को गत एक जनवरी को निमोनिया की शिकायत के बाद कोलकाता के साल्टलेक स्थित एएमआरआई अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।
वर्ष 1914 में कोलकाता में जन्मे बसु जून 1977 में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बने थे। स्वास्थ्य कारणों से उन्होंने नवंबर 2000 में मुख्यमंत्री पद छोड़ दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications