आस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को महाराष्ट्र में नहीं खेलने देंगे : बाल ठाकरे
मुंबई, 13 जनवरी (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया में भारतीयों पर लगातार हो रहे हमलों के मद्देनजर शिव सेना प्रमुख बाल ठाकरे ने बुधवार को चेतावनी दी है कि उनकी पार्टी आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम को मुंबई और राज्य के अन्य हिस्सों में खेलने की अनुमति नहीं देगी।
पार्टी के मुख पत्र सामना में जारी एक बयान में ठाकरे ने भारतीय क्रिकेट खिलाड़ियों को भी आस्ट्रेलियाई टीम के साथ लगातार खेलने के लिए आड़े हाथों लिया है। ठाकरे ने कहा है, "जब तक आस्ट्रेलिया में भारतीयों पर हमले नहीं रुकते, तब तक हम आस्ट्रेलियाई टीम को मुंबई और महाराष्ट्र में नहीं खेलने देंगे।"
भारतीयों के खिलाफ हमलों में हुई बढ़ोतरी पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए ठाकरे ने आस्ट्रेलियाई टीम के साथ खेलने के लिए भारतीय टीम को कटघरे में खड़ा किया।
ठाकरे ने कहा है, "लगता है कि भारतीय खिलाड़ियों के भीतर इन दिनों आत्मसम्मान और राष्ट्र गौरव की भावना नहीं रह गई है। हमारे बच्चों को आस्ट्रेलिया में चाकुओं से गोदा जा रहा है, जलाया जा रहा है, गोलियों से भुना जा रहा है, फिर भी हमारे क्रिकेटरों को आस्ट्रेलियाई क्रिकेटरों के साथ खेलने में कोई हिचक नहीं है।"
पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर अपनी पार्टी द्वारा लगाए गए प्रतिबंध को याद दिलाते हुए ठाकरे ने कहा है कि शिव सेना ने निर्णय लिया है कि आस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को भी अब मुंबई और महाराष्ट्र में खेलने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
सामना के कार्यकारी संपादक और सांसद संजय राउत ने बुधवार को मीडिया कर्मियों से कहा कि ठाकरे ने क्रिकेट के बारे में अपनी राय व्यक्त कर दी है और पार्टी उनके निर्णय का पालन करेगी।
लेकिन इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के टी-20 मैचों के बारे में शिव सेना का रुख स्पष्ट नहीं हो पाया है, जिसमें कई सारे आस्ट्रेलियाई खिलाड़ी शामिल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications