उप्र में शीत लहर का प्रकोप जारी
लखनऊ, 8 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में धूप खिलने और आसमान साफ होने के बावजूद शीत लहर और ठिठुरन का प्रकोप जारी है।
लगातार पिछले दो दिनों से आसमान साफ होने और धूप खिलने के बावजूद जबरदस्त सर्दी पड़ रही है। शुक्रवार सुबह खिली धूप भी प्रदेशवासियों को कड़ाके की सर्दी से राहत नहीं दिला पाई।
राज्य के कई इलाकों में पारा लुढ़क कर तीन डिग्री सेल्सियस के आस-पास पहुंच गया है। पिछले चौबीस घंटों के दौरान मेरठ सबसे सर्द स्थान रहा जहां 3.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। राजधानी लखनऊ भी जबरदस्त सर्दी की चपेट में है। यहां न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता ने शुक्रवार को लखनऊ में संवाददाताओं को बताया कि आने वाले दिनों में धूप तो खिलेगी लेकिन शीत लहर और ठिठुरन का प्रकोप जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी के कारण वहां से आने वाली सर्द हवाएं प्रदेशभर में ठिठुरन बढ़ा रही हैं।
कड़ाके की सर्दी के मद्देनजर राज्य सरकार की ओर से कक्षा आठ तक के सभी निजी और सरकारी स्कूल आगामी नौ जनवरी तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इंडो-एशयिन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications