'भारत और पाकिस्तान के बीच मध्यस्ता नहीं कर रहा है अमेरिका'
वाशिंगटन, 8 जनवरी (आईएएनएस)। अफगानिस्तान और पाकिस्तान में विशेष अमेरिकी दूत रिचर्ड होलब्रुक ने इस बात का खंडन किया है कि वह भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव खत्म करने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका दोनों देशों के साथ अपने संबंधों को अहमियत देता है।
पाकिस्तानी मीडया में इस तरह की खबरें आईं थीं कि होलब्रुक भारत और पाकिस्तान के बीच मध्यस्थता कर रहे हैं। इस पर होलब्रुक ने कहा, "यह मेरा काम नहीं है। अगर मैं ऐसा करता भी हूं तो इसका कोई मतलब नहीं होगा।"
यहां के एक संस्थान में संबोधन के दौरान में उन्होंने कहा, "मैं इससे ज्यादा कुछ नहीं कह सकता कि भारत के साथ संबंध अमेरिका के लिए महत्वपूर्ण हैं और इसी तरह पाकिस्तान के साथ संबंध भी अहम हैं। मेरे अनुसार यह बात कि हम एक देश की तुलना में दूसरे का साथ देते हैं, बीते दिनों की बात है।"
होलब्रुक ने कहा, "मैं नहीं मानता कि जो नीतियां हम अपना रहे हैं उनके साथ ये बातें तर्कसंगत लगती हैं।" उन्होंने कहा कि उनके कार्यक्षेत्र में भारत शामिल नहीं है बल्कि वह अफगानिस्तान और पाकिस्तान के लिए दूत नियुक्त किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान और पाकिस्तान में जो कुछ भी होता है, उसे लेकर भारत की चिंता वाजिब है। उन्होंने भारत को एक महान राष्ट्र बताते हुए आशा जताई कि वह वाशिंगटन में भारतीय राजदूत मीरा शंकर के जरिए अपनी नियमित गतिविधियों से भारत को अवगत कराते रहेंगे।
होलब्रुक अगले सप्ताह पाकिस्तान और अफगानिस्तान दौर पर पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा हित पाकिस्तान और अफगानिस्तान से जुड़े हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications