मैं 'दिल्लीवाला हूं' : मलावी राष्ट्रपति
लिलोंगवे(मलावी), 8 जनवरी (आईएएनएस)। दिल्ली विश्वविद्यालय अध्ययन कर चुके अफ्रीकी देश मलावी के राष्ट्रपति बिंगू वा मुथारिका ने खुद को 'दिल्लीवाला' बताते हुए कहा है कि वह 'भारतीय उपज' हैं।
मुथारिका ने गुरुवार रात उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के सम्मान में आयोजित भोज के दौरान भारत में बिताए अपने दिनों को याद किया। उन्होंने 1960 के दशक में दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और स्नातकोत्तर की पढ़ाई की।
उन्होंने कहा, "मैं खुद को दिल्लीवाला मानता हूं। मैं भारतीय उपज सरीखा हूं।" उन्होंने अपनी सफलता की कहानी बयां करने के साथ ही भारत से शिक्षा के क्षेत्र में और सहयोग का आग्रह किया।
मुथारिका ने कहा कि उन्होंने दिल्ली में पांच साल रहकर लगतार पढ़ाई की और इस दौरान वह अपने देश नहीं लौटे। उन्होंने कहा कि छुट्टियों के दिनों में वह पूरे भारत में घूमते भी थे।
पढ़ाई खत्म करने के बाद स्वदेश लौटे मुथारिक वर्ष 1994 में 13 दिनों दौरे पर एक बार फिर भारत पहुंचे थे। अंसारी ने उन्हें यह कहते हुए भारत आने का न्यौता दिया कि वह आकर देखें कि उनके कॉलेज के दिनों से आज का भारत कितना बदल चुका है।
उल्लेखनीय है कि अंसारी अफ्रीका के तीन देशों के आधिकारिक दौरे पर हैं। दौरे की शुरुआत उन्होंने जाम्बिया से की थी। मलावी के बाद वह बोत्सवाना का दौरा करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications