हिंसा भड़काने के लिए टीवी चैनल के खिलाफ मामला दर्ज (लीड-1)
रूसी वेबसाइट द्वारा जारी एक रिपोर्ट के आधार पर यह कार्यक्रम प्रस्तुत करने पर पुलिस ने टीवी5 के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। चैनल के खिलाफ यहां जुबली हिल्स पुलिस स्टेशन में धारा 153/3ए और धारा 502 ए के तहत मामला दर्ज किया गया है।
राज्य के पुलिस महानिदेशक आर. आर. गिरीश कुमार ने पत्रकारों से कहा कि गुरुवार रात टीवी 5 द्वारा यह कार्यक्रम प्रसारित करने के बाद जिन अन्य चैनलों ने इसे प्रसारित किया है, उन्हें भी नोटिस जारी किए जाएंगे।
इस रिपोर्ट में हेलीकॉप्टर दुर्घटना के पीछे कथित तौर पर रिलायंस कंपनी का हाथ होने की बात कही गई थी। रिपोर्ट प्रसारित होने के बाद राज्यभर में रिलायंस की दुकानों पर हमले शुरू हो गए थे।
पुलिस ने 96 मामले दर्ज किए हैं और दोनों रिलायंस समूहों की संपत्तियों पर हमलों के लिए 185 लोगों को गिरफ्तार किया है।
गृह मंत्री पी.सविता इंद्रा रेड्डी ने संवाददाताओं को बताया है कि कानून तोड़ने वालों के साथ सरकार सख्ती से निपटेगी।
रेड्डी ने कहा कि मुख्यमंत्री के.रोसैया ने केंद्रीय गृह मंत्री पी.चिदंबरम से फोन पर बात की है और हेलीकॉप्टर दुर्घटना की सीबीआई (केंद्रीय जांच ब्यूरो)की जांच में तेजी लाने की उनसे अपील की है।
पुलिस प्रमुख ने चेतावनी दी कि हिंसात्मक गतिविधियों में शामिल होने वाले लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। दिवंगत मुख्यमंत्री के समर्थकों द्वारा कुछ जिलों में बंद का आह्वान करने के बाद राज्य में धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है।
कुमार ने कहा कि गत दो सितम्बर को हुई हेलीकॉप्टर दुर्घटना की जांच जारी है और उन्होंने लोगों से अफवाहों पर विश्वास न करने की अपील की है।
राज्यभर में गुरुवार रात रिलायंस प्रोपर्टीज पर हुए हमलों को देखते हुए मुख्यमंत्री के. रोसैया ने राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करने के लिए शुक्रवार को गृह मंत्री पी. सबिता इंद्रा रेड्डी, कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की।
वाईएसआर के बेटे और कडप्पा से सांसद वाई. एस. जगनमोहन रेड्डी ने हिंसा न करने की अपील की है। उन्होंने एक वक्तव्य में कहा है कि वह केंद्र सरकार से षड़यंत्र की जांच के लिए कहेंगे।
इस बीच राज्य के नेताओं ने पार्टी लाइन से ऊपर उठ कर रिलायंस की दुकानों पर हुए हमलों की निंदा की है और इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए टेलीविजन चैनलों पर लगाम कसने की मांग की है।
तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के अध्यक्ष एन. चंद्रबाबू नायडू ने आरोप लगाया है कि रिलायंस की दुकानों पर हुआ हमला पूर्व नियोजित था।
कांग्रेस की राज्य इकाई के अध्यक्ष डी.श्रीनिवास ने भी हिंसा की निंदा की है और साफ किया है कि इन घटनाओं में पार्टी की कोई भूमिका नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications