प्रवासी भारतीय दिवस : भारतीयों के लिए पसंदीदा बने रहेंगे खाड़ी देश : प्रवासी उद्योगपति
नई दिल्ली, 8 जनवरी (आईएएनएस)। जाने माने प्रवासी भारतीय व्यापारी, एम.ए.यूसुफअली ने कहा है कि खाड़ी देश, भारतीयों के लिए पसंदीदा बने रहेंगे और मध्य पूर्व में वैश्विक आर्थिक मंदी का कोई गंभीर असर नहीं है।
एमके ग्रुप के प्रबंध निदेशक अली ने कहा, "मध्य पूर्व में तेल आमदनी का एक बड़ा स्रोत है। वहां तेल क्षेत्र बहुत मजबूत है।"
अली इन दिनों प्रवासी भारतीय दिवस-2010 में हिस्सा लेने राजधानी दिल्ली आए हुए हैं। अली ने आईएएनएस के साथ एक साक्षात्कार में कहा, "यदि तेल सेक्टर में कोई घटना घटती है, तब जरूर खाड़ी देशों में वित्तीय संकट की बात की जा सकती है।"
ज्ञात हो कि अली, प्रधानमंत्री की ग्लोबल एडवाइजरी काउंसिल में सदस्य भी हैं। अली के अनुसार यूरोप की कुछ कंपनियों ने अपनी अवसरवादी सोच के कारण यह अफवाह फैलाने की कोशिश की है कि मध्य पूर्व वैश्विक आर्थिक मंदी का शिकार हो गया है।
अली ने कहा, "यूरोप और अमेरिका से संचालित होने वाली कुछ कंपनियों ने मंदी के नाम पर तमाम कर्मचारियों की छंटनी कर दी है। उन्होंने ऐसा इसलिए किया है, क्योंकि वे कम वेतन वाले कर्मचारियों की नियुक्ति करना चाहती हैं।" हालांकि अली ने यह बात स्वीकार की है कि दुबई के निर्माण क्षेत्र में कुछ संकट जरूर आया हुआ है। "लेकिन खाड़ी देश भारतीयों के लिए पसंदीदा बने रहेंगे।"
अली के अनुसार खाड़ी देशों में भारतीय श्रमिकों को जिन समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने गुरुवार को आयोजित एडवाइजरी काउंसिल की बैठक के दौरान उन समस्याओं के बारे में ध्यान से सुना है।
अबुधाबी के उद्योगपति अली ने कहा, "मुझे इस बात की खुशी है कि प्रधानमंत्री ने संकटग्रस्त भारतीयों के लिए एक कल्याण कोष की घोषणा की है।" उल्लेखनीय है कि अली को पद्मश्री और प्रवासी भारतीय सम्मान से नवाजा जा चुका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications