नेपाल की राजनीति पर दिख रहा है '3 इडियट्स' का असर
काठमांडू, 8 जनवरी (आईएएनएस)। नेपाल के सिनेमाघरों से जेम्स कैमरॉन की फिल्म 'अवतार' की जगह ले चुकी बॉलीवुड की नई सफलतम फिल्म '3 इडियट्स' ने वहां की राजनीति पर भी छाप छोड़ी है।
जब शुक्रवार को नेपाल की प्रमुख पार्टियों के तीन नेता पिछले साल माओवादियों की सरकार के पतन के बाद पैदा हुए गतिरोध को दूर करने के लिए एक 'उच्च-स्तरीय राजनीतिक तंत्र' बनाने पर सहमत हुए तो एक प्रसिद्ध साप्ताहिक ने तीनों राजनेताओं की '3 इडियट्स' से तुलना की। फिल्म में छात्रों की इस तिकड़ी की भूमिका में बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान, शरमन जोशी और आर. माधवन हैं।
साप्ताहिक 'नेपाली टाइम्स' ने अपने नियमित स्तभं में तो '3 इडियट्स' के प्रोमो की ही तस्वीर प्रकाशित की है। पर 'द एस' स्तंभ में प्रकाशित फोटो में तीनों छात्रों के स्थान पर नेपाल के तीन शीर्ष राजनेताओं की तस्वीरें छापी हैं। इनमें वर्तमान प्रधानमंत्री माधव कुमार नेपाल, उनको चुनौती देने वाले पुष्प कमल दहाल प्रचंड और पूर्व प्रधानमंत्री गिरिजा प्रसाद कोइराला शामिल हैं।
प्रचंड की माओवादी पार्टी ने 24 जनवरी से राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है।
जब माओवादियों ने 2006 में अपना 10 साल पुराना हथियारबंद युद्ध समाप्त किया था तब इन तीनों राजनेताओं ने शांति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए 'उच्च स्तरीय राजनीतिक तंत्र' स्थापित करने पर सहमति जताई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications