कोहरे से यातायात सेवाएं बाधित, हजारों यात्री फंसे
दिल्ली में खराब मौसम और दृश्यता की कमी की वजह से इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे पर करीब 50 अंतर्राष्ट्रीय और घरेलू उड़ानें प्रभावित हुईं। राजधानी के तीनों बड़े रेलवे स्टेशनों पर करीब 65 रेलगाड़ियों के संचालन पर भी इस कारण असर पड़ा।
राजधानी में शुक्रवार तड़के दृश्यता शून्य तक पहुंच गई और 10 बजे तक 50 मीटर से नीचे ही बनी रही।
अधिकतर यात्रियों की शिकायतें थी कि हवाई व रेल सेवा के रद्द किए जाने और उनके कार्यक्रम में बदलाव सहित आवागमन में हो रही देरी के बारे में उन्हें पहले से कोई सूचना नहीं दी जाती।
एक नाराज यात्री 18 वर्षीय गौरी कक्कड़ ने कहा, "घर से चलने से पहले मैंने रेलवे पूछताछ केंद्र से शान-ए-पंजाब के बारे में जानकारी मांगी तो मुझे बताया गया कि गाड़ी समय से चल रही है परन्तु जब हम स्टेशन पहुंचे तो पता चला कि रेलगाड़ी रद्द कर दी गई है।"
उत्तर रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि 36 रेलगाड़ियां रद्द कर दी गई हैं और 22 देरी से चल रही हैं जबकि सात के समय में बदलाव किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications