ज्योति बसु की हालत नाजुक, एम्स के चिकित्सक देंगे राय (लीड-1)
95 वर्षीय बसु कोलकाता के साल्टलेक स्थित एमआरआई अस्पताल में भर्ती हैं। उन्हें यहां एक जनवरी को भर्ती करवाया गया था। बसु की देख रेख के लिए तैनात चिकित्सकों ने एम्स के विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ वीडियो कांफ्रेसिंग करने का फैसला किया है।
अस्पताल द्वारा शुक्रवार को जारी बुलेटिन में कहा गया है कि बसु की हालत में सुधार नहीं हो रहा है और मेडिकल बोर्ड ने एम्स के विशेषज्ञ चिकित्सकों से संपर्क करने का फैसला किया है।
एम्स के विशेषज्ञ चिकित्सकों से संपर्क के संबंध में अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डी. एन. अग्रवाल ने कहा, "हम इस संबंध में प्रयास कर रहे हैं और जल्द से जल्द एम्स से संपर्क करेंगे। हम आज (शुक्रवार) भी विशेषज्ञ चिकित्सकों की राय ले सकते हैं।"
इससे पहले अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक देवाशीष शर्मा ने आईएएनएस से कहा था कि बसु के स्वास्थ्य में शुक्रवार को मामूली सुधार हुआ, लेकिन उनकी हालत अभी तक नाजुक बनी हुई है। पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवगौड़ा सुबह बसु का हाल-चाल जानने अस्पताल पहुंचे।
शर्मा ने कहा, "बसु की हालत में मामूली सुधार हुआ है। एहतियात बरतते हुए उन्हें गुरुवार रात को पूरी तरह कृत्रिम श्वसन प्रणाली (वेंटिलेटर) पर रखा गया था लेकिन शुक्रवार सुबह इसे कुछ कम किया गया। "
शुक्रवार सुबह बसु से मुलाकात करने आए पूर्व प्रधानमंत्री देवगौड़ा ने कहा, "एक चिकित्सक ने बसु को नींद से जगाने का प्रयास किया। उन्होंने अपना हाथ उठाया लेकिन आंखें नहीं खोली।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications