मलेशिया में 3 गिरजाघरों पर हमला (लीड-1)
ये हमले अदालत द्वारा ईसाई समुदाय को 'अल्लाह' शब्द के प्रयोग की इजाजत देने के फैसले के विरूद्ध मुस्लिम समुदाय के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले हुए हैं।
प्रधानमंत्री नजीब तुन रज्जाक ने गिरजाघरों पर हमले की निंदा की है। उन्होंने शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा, "मैं इस कार्रवाई की निंदा करता हूं क्योंकि इससे देश की एकता खंडित होती है। "
मलेशियाई समाचार पत्र 'द स्टार' के ऑनलाइन संस्करण ने प्रधानंमत्री के हवाले से कहा, "सरकार गिरजाघरों पर हमले रोकने के प्रयास करेगी।" प्रधानमंत्री ने इस संबंध में राष्ट्रीय पुलिस प्रमुख से चर्चा की है।
समाचार पत्र के अनुसार कुआलालंपुर के उपनगरीय इलाके में स्थित तीन मंजिला मेट्रो टेबरेंकल गिरजाघर में दो अज्ञात लोगों ने विस्फोट किया जिससे वहां आग भड़क उठी। आग से गिरजाघर की इमारत को नुकसान पहुंचा है।
गिरजाघर के एक अधिकारी ने कहा कि संदिग्ध हमलावर मोटरसाइकिल से फरार हो गए। इस घटना के एक घंटे बाद पेटालिंग जाया शहर में स्थित कैथोलिक गिरजाघर के परिसर में अज्ञात लोगों ने बम फेंक दिया। हमले में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हमलावरों ने पेटालिंग जाया शहर में एक अन्य गिरजाघर को भी अपना निशाना बनाया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications