महाराष्ट्र में 3 और छात्रों ने की आत्महत्या
पुलिस अधिकारी अशोक एस. जाधव ने बताया कि 21 वर्षीय प्राजक्ता के. क्षत्रिय को शुक्रवार को उसके नाशिक जिले के सिन्नार स्थित घर में पंखे से लटका हुआ पाया गया।
प्रारंभिक जांच से लगता है कि स्नातक तृतीय वर्ष की परीक्षा में अच्छा न कर पाने की वजह से उसने यह कदम उठाया।
छात्रों द्वारा अपना जीवन समाप्त करने की घटनाओं से चिंतित मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने गुरुवार रात शिक्षा मंत्री की अध्यक्षता में एक समिति की घोषणा की। यह समिति ऐसी घटनाएं न हों इसके लिए उपचारात्मक सुझाव देगी।
अठारह वर्षीय छात्रा वृशाली केले को गुरुवार को पुणे के बाहरी क्षेत्र में स्थित हवेली के डी. पी. इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिग के उसके होस्टल के कमरे में पंखे से लटका हुआ पाया गया था।
हवेली पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि लड़की के अभिभावकों ने कॉलेज के एक शिक्षक द्वारा उसे प्रताड़ित किए जाने की शिकायत की थी। शिक्षक का नाम लहनकर बताया गया है।
अधिकारी ने कहा कि लहनकर को जल्दी ही गिरफ्तार कर उस पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया जाएगा।
मुंबई में गुरुवार को 12वीं कक्षा के छात्र विनीत मोरे ने आत्महत्या कर ली थी।
इससे पहले जिन छह छात्रों ने आत्महत्या की उनमें रूपाली शिंदे (14, ठाणे), रेशमा धोत्रे (17, मुलुंद), धनश्री पाटील (19, नाशिक), भजनप्रीत भुल्लर (20, मुंबई, पवई), सुशांत पाटील (13, दादर) और नेहा सावंत (11, ठाणे) शामिल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications