वाईएसआर के बारे में 'निराधार रिपोर्ट' के लिए टीवी चैनल के खिलाफ मामला
रूसी वेबसाइट द्वारा जारी एक रिपोर्ट के आधार पर यह कार्यक्रम प्रस्तुत करने पर पुलिस ने टीवी 5 के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। चैनल के खिलाफ यहां जुबली हिल्स पुलिस स्टेशन में धारा 153/3ए और धारा 502 ए के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस महानिदेशक आर. आर. गिरीश कुमार ने पत्रकारों से कहा कि गुरुवार रात टीवी 5 द्वारा यह कार्यक्रम जारी करने के बाद जिन अन्य चैनलों ने इसे प्रसारित किया उन्हें भी नोटिस जारी किए जाएंगे।
इस रिपोर्ट में कथित तौर पर रिलायंस कंपनी का हेलीकॉप्टर दुर्घटना में हाथ होने की बात कही गई थी। रिपोर्ट प्रसारित होने के बाद राज्यभर की रिलायंस की दुकानों पर हमले शुरू हो गए थे।
पुलिस प्रमुख ने चेतावनी दी कि हिंसात्मक गतिविधियों में शामिल होने वाले लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। दिवंगत मुख्यमंत्री के समर्थकों द्वारा कुछ जिलों में बंद का आह्वान करने के बाद राज्य में धारा 144 के तहत निषेधात्मक आदेश लागू किया गया है।
कुमार ने कहा कि गत दो सितम्बर को हुई हेलीकॉप्टर दुर्घटना की जांच जारी है और उन्होंने लोगों से अफवाहों पर विश्वास न करने की अपील की है।
राज्यभर में गुरुवार रात रिलायंस प्रोपर्टीज पर कई हमलों को देखते हुए मुख्यमंत्री के. रोसैया ने राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करने के लिए शुक्रवार को गृह मंत्री पी. सबिता इंद्रा रेड्डी, कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक बैठक रखी है।
वाईएसआर के बेटे और कडप्पा से सांसद वाई. एस. जगनमोहन रेड्डी ने हिंसा न करने की अपील की है। उन्होंने एक वक्तव्य में कहा है कि वह केंद्र सरकार से षडयंत्र की जांच के लिए कहेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications