भारतीय मूल के शिक्षक को ओबामा ने सम्मानित किया
वाशिंगटन, 7 जनवरी (आईएएनएस)। अमेरिका की सवानाह स्टेट यूनीवर्सिटी (एसएसयू) में भारतीय मूल के अमेरिकी प्रोफेसर केनीथ एस. साजवान को राष्ट्रपति बराक ओबामा ने सलाह में उत्कृष्टता के लिए एक पुरस्कार से सम्मानित किया है।
एसएसयू के पर्यावरण विज्ञान कार्यक्रम के संयोजक साजवान गणित और विज्ञान के उन 100 शिक्षकों में शामिल हैं जिन्हें बुधवार को ओबामा ने सम्मानित किया। इस अवसर पर ओबामा ने गणित व विज्ञान की राष्ट्रीय शिक्षा में सुधार के लिए सार्वजनिक और निजी प्रयासों पर 25 करोड़ डॉलर खर्च करने की घोषणा की।
साजवान को पर्यावरण विज्ञान के क्षेत्र में एक प्रमुख विद्वान और शोधकर्ता के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त है। उनके काम को 100 से अधिक प्रकाशनों में देखा जा सकता है।
उन्होंने 1972 में भारत के पंत कृषि एवं प्रोद्योगिकी विश्वविद्यालय से विज्ञान में स्नातक की और 1975 में जे. एन. कृषि विश्वविद्यालय से कृषि विज्ञान में स्नातकोत्तर डिग्री हासिल की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications