श्रीनगर में 23 घंटे चली मुठभेड़, पाकिस्तानी सहित 2 आतंकवादी ढेर (राउंडअप)
जम्मू एवं कश्मीर के पुलिस प्रमुख कुलदीप खोड़ा ने लाल चौक पर घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर संवाददाताओं को बताया, "अभियान पूरा हो गया है। लश्कर के दो आतंकवादी मार दिए गए हैं।"
खोड़ा ने कहा, "हमें खुफिया जानकारी मिली थी कि लश्कर श्रीनगर में हमले की योजना बना रहा है। पाकिस्तान में मौजूद आतंकवादी तत्वों में हताशा है। वे न सिर्फ श्रीनगर को निशाना बनाना चाहते थे बल्कि उनके निशाने पर देश का कोई भी हिस्सा हो सकता था। श्रीनगर उनके मुख्य निशाने पर था।"
पुलिस के अनुसार मारा गया दूसरा आतंकवादी उत्तरी कश्मीर के सोपोर शहर का रहने वाला था।
मुठभेड़ के दौरान एक पुलिकर्मी और एक अन्य व्यक्ति की भी मौत हो गई। अर्धसैनिक बल के दो जवानों सहित 10 लोग घायल भी हुए। मारे गए दोनों आतंकवादी आत्मघाती हमलावर थे। अधिकारियों के हिंसा में कमी आने के दावों के बीच यह हमले किए गए। गृह मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार आतंकवादी हिंसा में 25 फीसदी की कमी आई है।
आतंकवादियों ने यहां पंजाब होटल में कब्जा जमा रखा था और बुधवार से ही सुरक्षा बलों के साथ उनकी मुठभेड़ चल रही थी। दिन में लगभग 1.30 बजे मुठभेड़ खत्म हुई।
लाल चौक इलाके के इस होटल में मुठभेड़ के दौरान आग भी लग गई थी। पुलिस का कहना है कि मारे जाने से पहले आतंकवादियों ने होटल में आग लगा दी थी।
सुरक्षा बल इलाके में तलाशी अभियान चला रहे हैं कि आतंकवादियों ने कहीं आरडीएक्स, ग्रेनेड अथवा विस्फोटक पदार्थ तो नहीं छुपा दिए हैं।
श्रीनगर में बुधवार दोपहर बाद से ही आतंकवादियों के हमले की वजह से जनजीवन अस्तव्यस्त रहा। पिछले दो सालों में यह पहला आत्मघाती हमला था। इससे पहले अक्टूबर 2007 में आतंकवादियों ने हमला किया था जिसमें सुरक्षा बलों ने दो आतंकवादियों को ढेर कर दिया था। इस कार्रवाई में तीन जवान घायल हुए थे।
पाकिस्तान समर्थक जमीयत-उल-मुजाहिदीन ने बुधवार को इस हमले की जिम्मेदारी ली थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications