उत्तर भारत में शीतलहर जारी, कोहरे से 34 रेलगाड़ियां रद्द (राउंडअप)

दिल्ली में गुरुवार सुबह भी घने कोहरे की वजह से उड़ानें और रेल सेवाएं बाधित हुईं। इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ानें रद्द होने से सैकड़ों यात्री फंसे हुए हैं। यहां लगभग 25 घरेलू और 10 से अधिक अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों में तीन से चार घंटे की देरी हुई क्योंकि रनवे पर दृश्यता 50 मीटर से कम थी। उड़ानों के परिचालन के लिए कम से कम 150 मीटर की दृश्यता जरूरी है।

कोहरे का असर रेल सेवाओं पर भी पड़ा। कई रेलगाड़ियां विलंब से चल रही थी और कई रेलगाड़ियों को रद्द कर दिया गया। उत्तर रेलवे के एक प्रवक्ता अनंत स्वरूप ने आईएएनएस को बताया, "कोहरे की वजह से 34 रेलगाड़ियों को रद्द कर दिया गया और 36 रेलगाड़ियों का समय पुननिर्धारित किया गया। इसके अलावा 61 गाड़ियां विलंब से चल रही हैं।"

कोहरे की वजह से नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस, ताज एक्सप्रेस, हिमालयीन क्वीन, भोपाल शताब्दी, लखनऊ शताब्दी, पुरी एक्सप्रेस, शान-ए पंजाब, दिल्ली जोगबनी एक्सप्रेस और नई दिल्ली-मुंबई राजधानी रेलगाड़ियों के समय में परिवर्तन किया गया है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली में कोहरा आगे भी छाया रह सकता है। गुरुवार सुबह दृश्यता 100 मीटर थी।

अधिकारी ने बताया कि राजधानी में न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार को न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। दिल्ली में कोहरे की वजह से सड़कों पर वाहनों की गति भी धीमी रही।

बिहार में कड़ाके की सर्दी का सिलसिला जारी है। पटना में गुरुवार को जहां इस मौसम का सबसे ठंडा दिन रहा, वहीं राज्य में गया सबसे ठंडा क्षेत्र रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक पटना में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 4़ 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो इस मौसम में सबसे कम है। बुधवार को पटना का न्यूनतम तापमान 6़ 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को बिहार का सबसे ठंडा क्षेत्र गया रहा जहां का न्यूनतम तापमान 3़ 9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। न्यूनतम तापमान में गिरावट तथा शाम होते ही कोहरा छाने और दिन के नौ बजे तक कोहरे के बने रहने के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के प्रभारी निदेशक एस़ आई. लश्कर ने गुरुवार को बताया कि अगले दो दिनों में मौसम में किसी प्रकार के परिवर्तन की संभावना नहीं है।

सर्दी के कारण राज्य के सभी निजी और सरकारी स्कूलों को आठ जनवरी तक बंद कर दिया गया है। आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलाने की व्यवस्था की है।

उत्तर प्रदेश में धूप खिलने के कारण गुरुवार का दिन शीतलहर का प्रकोप झेल रहे प्रदेशवासियों के लिए थोड़ी राहत लेकर आया।

गुरुवार तड़के से छाया घना कोहरा सुबह आठ बजे तक छंट गया और पिछले एक सप्ताह से सूरज के दर्शन को तरस रहे लोगों को लगातार दूसरे दिन भी धूप दिखी।

गुनगुनी धूप का लुत्फ उठाने के लिए लोग घरों से बाहर पार्को और सड़कों पर निकले। हालांकि धूप निकलने के बावजूद ठिठुरन से प्रदेशवासियों को राहत नहीं मिल रही है।

मौसम विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता ने गुरुवार को लखनऊ में संवाददाताओं को बताया कि दिन में धूप बहुत तेज नहीं होगी। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी के कारण वहां से आने वाली सर्द हवाएं प्रदेशभर में ठिठुरन बढ़ा रही हैं। आने वाले दिनों में सर्दी का प्रकोप जारी रहेगा।

मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटे में आगरा सबसे सर्द स्थान रहा, जहां सबसे कम 5.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया जबकि लखनऊ का न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक था।

हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में गुरुवार को तापमान शून्य से भी नीचे चला गया। मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि हालांकि पूरे राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान बारिश या बर्फबारी नहीं हुई है फिर भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

उन्होंने बताया कि गुरुवार को शिमला का न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। बुधवार को यहां का न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस था।

लाहौल एवं स्पीति जिले के केलांग और किन्नौर जिले के काल्पा में तापमान क्रमश: शून्य से 11.2 डिग्री और 3.7 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।

इन दोनों शहरों में बुधवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 11.9 डिग्री और शून्य से चार डिग्री नीचे दर्ज किया या।

मंडी जिले के सुंदरगढ़ जिले में तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कुल्लू जिले के भुंतर में 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उड़ीसा में शीत लहर का प्रकोप जारी है। शीतलहर के कारण सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। गुरुवार को राज्य के कई क्षेत्रों में तापमान सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

भुवनेश्वर मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक ने आईएएनएस को बताया कि कंधमाल जिले का फुलबनी शहर राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा। यहां गुरुवार को न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि यहां बुधवार को तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

उन्होंने बताया कि राज्य के पश्चिमी शहरों सुंदरगढ़ और संबलपुर में तापमान क्रमश: 6.9 और 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि बुधवार को इन शहरों का न्यूनतम तापमान क्रमश: 7.4 और 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

भुवनेश्वर और कटक का न्यूनतम तापमान क्रमश:14 और 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। यहां बुधवार को तापमान 14.4 और 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विभाग ने राज्य में शुक्रवार को भी शीतलहर का प्रकोप जारी रहने की भविष्यवाणी की है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+