उल्फा की धमकी के बाद असम में अलर्ट जारी
असम के पुलिस प्रमुख शंकर बरुआ ने गुरुवार को यहां पत्रकारों से कहा, "हमने पहले से ही अपने सुरक्षा बलों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने और चौकस रहने के लिए कह दिया है।"
उल्फा कमांडर परेश बरुआ ने बुधवार को सुरक्षा बलों और राज्य के महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की धमकी दी थी।
बरुआ ने उल्फा का विरोध करने वाले 'बुद्धिजीवियों' के खिलाफ कार्रवाई की भी धमकी दी।
असम और पूर्वोत्तर के अन्य हिस्सों के उल्फा और अन्य आतंकवादी समूहों को गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस समारोहों से पहले हिंसक कृत्य करने के लिए जाना जाता है।
पुलिस प्रमुख ने कहा कि इस तरह की धमकी नई नहीं है लेकिन हम कोई लापरवाही नहीं बरतना चाहते हैं।
उन्होंने सामुदायिक सम्पर्क समूह (सीएलजी) शुरू करते हुए यह बात कही। सीएलजी एक ऐसी प्रक्रिया है जिसमें आतंकवाद से तबाह हुए राज्य में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के उद्देश्य से इसमें आम लोगों को शामिल किया जाएगा।
पुलिस प्रमुख ने कहा कि एक योजना के तहत गांवों में एक ग्राम रक्षा संगठन बनाने, प्रत्येक पुलिस स्टेशन के तहत थाना स्तर की समितियां, जिला स्तर पर सीएलजी बनाने का प्रावधान है जबकि गुवाहाटी शहर में नागरिक समितियां बनाई जाएंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications