अफगानिस्तान में विस्फोट में गवर्नर घायल
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक आतंकवादियों ने यह विस्फोट उस वक्त किया जब खोस्त प्रांत के गवर्नर ताहिर खान सवेरी प्रांत के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। विस्फोटक बैठक स्थल के पास ही छुपा कर रखा गया था।
विस्फोट में सवेरी के अलावा प्रांत के शिक्षा विभाग के प्रमुख भी घायल हुए हैं। एक अधिकारी जनरल मोहम्मद नवाब के मुताबिक इस हमले में दो स्थानीय पत्रकार भी घायल हुए हैं।
गौरतलब है कि एक हफ्ते पहले इस प्रांत में एक अमेरिकी सैन्य अड्डे के अंदर हुए आत्मघाती हमले में सीआईए के सात एजेंट और जॉर्डन का एक जासूस मारा गया था। इस हमले की जिम्मेदारी अलकायदा ने ली थी।
दूसरी ओर गृह मंत्रालय के एक बयान में बताया गया है कि काबुल में दो रॉकेट आवासीय भवनों को निशाना बना कर दागे गए।
बयान में बताया गया है कि इस हमले में तीन लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो बच्चे और उनकी मां शामिल है। दूसरी ओर नाटों के बयान में बताया गया है कि इस हमले में चार नागरिक घायल हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications