जीडीपी का 2 फीसदी वैज्ञानिक शोध एवं विकास पर खर्च होगा
केंद्रीय भू विज्ञान राज्यमंत्री पृथ्वीराज चौहान ने यहां सालाना प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन में एक गोष्ठी में कहा, "फिलहाल, हम वैज्ञानिक शोध एवं विकास पर अपने जीडीपी का एक फीसदी हिस्सा खर्च करते हैं। हम इसे दो फीसदी करना चाहते हैं।" प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह शुक्रवार को इस तीन दिवसीय सम्मेलन का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। इसमें 1,500 प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।
उन्होंने कहा कि देश को शोध एवं विज्ञान का प्रमुख केंद्र बनाने में प्रवासी समुदाय की खास भूमिका हो सकती है। प्रवासी समुदाय अपनी प्रतिभा से इस क्षेत्र को बढ़ावा दे सकता है।
उन्होंने कहा कि भारत को पांच प्रमुख चुनौतियों पर ध्यान केंद्रित करना होगा। ये चुनौतियां हैं- ऊर्जा सुरक्षा, खाद्य सुरक्षा, जल उपलब्धता एवं गुणवत्ता, सभी के लिए किफायती स्वास्थ्य सुविधाएं एवं आतंकवाद विरोधी कदम। चौहान ने कहा कि यह युग अभिनव प्रयोग का है और हमें इस क्षेत्र में आगे रहना होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications