बीमार बसु को देखने पहुंचे प्रधानमंत्री (लीड-1)
मनमोहन सिंह दोपहर करीब एक बजे साल्टलेक स्थित निजी अस्पताल के सघन हृदय चिकित्सा कक्ष (आईसीसीयू) पहुंचे, जहां बसु का इलाज चल रहा है। प्रधानमंत्री अस्पताल में करीब 20 मिनट तक रहे।
मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य और केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी भी प्रधानमंत्री के साथ थे। इन दोनों नेताओं ने हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री की अगवानी की।
बसु को एक जनवरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है।
प्रधानमंत्री दिल्ली से एक विशेष विमान से केवल बसु को देखने दोपहर 12.30 बजे कोलकाता पहुंचे। कोलकाता के केवल डेढ़ घंटे के दौरे के बाद सिंह नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए रवाना हो गए।
प्रधानमंत्री के दौरे के पहले अस्पताल में प्रवेश नियंत्रित कर दिया गया और आसपास की सड़कों से यातायात को मोड़ दिया गया। अस्पताल परिसर में जैमर लगाए गए और विशेष सुरक्षा दस्ते के जवानों ने पूरे परिसर को घेर लिया।
राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री की सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध के लिए विशेष कार्रवाई बल और त्वरित कार्रवाई बल सहित भारी संख्या में सशस्त्र पुलिसकर्मियों को तैनात किया।
गुरुवार सुबह चिकित्सकों को भी सुरक्षा जांच के बाद अस्पताल परिसर में प्रवेश करने दिया गया।
इससे पहले मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के वरिष्ठ नेता श्यामल चक्रबर्ती ने बसु को देखने जा रहे लोगों से प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान अपना कार्यक्रम स्थगित करने का आग्रह किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications